- एसपी ने थाना प्रभारियों और सीआईए-1 की टीमों को दिए निर्देश
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। एसपी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि जिले में कबूतरबाजी के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए। विदेश भेजने के नाम पर ठगी के मामले में तफ्तीश कर आरोपियों को जेल भेजा जाए। साथ ही अभियान चलाकर लोगों को एजेंटों के चंगुल से बचाने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन ट्रैक डाउन में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में तेजी लाई जाए। क्राइम मीटिंग में उन्होंने थाना प्रभारियों और सीआईए की टीमों को सख्त निर्देश दिए।
मंगलवार को एसपी भूपेंद्र सिंह ने जिला सचिवालय स्थित पुलिस सभागार में बैठक की। उन्होंने कहा कि शिकायतों की जांच बेवजह लंबे समय तक पेंडिंग न रखी जाए। तय समय सीमा में जांच पूरी कर चालान अदालत में पेश करें। महिला संबंघित अपराध में त्वरित कार्रवाई की जाए। ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत जिले में चिन्हित किए अपराधियों को काबू करें। आदतन अपराधियों पर विशेष रूप से नजर रखें व समय-समय पर उनके बारे पूछताछ करते रहें। उद्घोषित अपराधियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। जुआ, सट्टा खाईवाली, अवैध शराब, नशा तस्करी सहित गैर कानूनी धंधों पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने व आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
सूदखोरों के खिलाफ कार्रवाई में लाएं तेजी
एसपी ने थाना प्रबंधकों व चौकी इंचार्जों को निदेश दिए कि जरूरतमंद लोगों को ऊंची ब्याज दर पर पैसे देने वाले सूदखोरों के खिलाफ प्रभावी तरीके से शिकंजा कसा जाए। अपने-अपने थाना क्षेत्र में इनकी पहचान कर कार्रवाई अमल में लाएं। शोषण करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मौके पर डीएसपी नवीन संधू, डीएसपी सुरेश कुमार सैनी, डीएसपी नरेंद्र सिंह, डीएसपी आत्माराम व सभी थाना प्रभारी व क्राइम युनिट प्रभारी मौजूद रहे।