संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। सीआईए-थ्री पुलिस ने अंतरराज्यीय चार पहिया वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सरगना समेत दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुबिन निवासी लापरा खुर्द (यमुनानगर) और तासिन निवासी कुंडा (सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक इको वैन और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।
दोनों की गिरफ्तारी से पानीपत और कुरुक्षेत्र में वाहन चोरी की पांच वारदातों का खुलासा हुआ है। सीआईए-थ्री प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि बुधवार देर शाम पुलिस टीम गश्त पर थी। एक सूचना पर जीटी रोड स्थित मच्छरौली मोड़ पर नाकाबंदी की गई।
उन्होंने बताया कि समालखा की ओर से आ रही इको गाड़ी रोककर दस्तावेज मांगे गए, लेकिन दोनों युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि 18 जून की रात यह यह गाड़ी समालखा के भापरा गांव से एक घर के बाहर से चोरी की थी।
रेकी कर चुराते थे वाहन
पुलिस ने वीरवार को आरोपी मुबिन को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और लत पूरी करने के लिए चोरी करते थे। शाम के समय बाइक से गांवों और कॉलोनियों में खड़े वाहनों की रेकी करते और रात में उन्हें चुरा लेते थे। कुछ दिन वाहन चलाने के बाद उन्हें लावारिस छोड़ देते थे। बापौली क्षेत्र से चोरी की गई एक इको गाड़ी को पहचान मिटाने के लिए सहारनपुर ले जाकर जला दिया था।
जेल से छूटते ही फिर बनाया गिरोह
पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना मुबिन आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ यमुनानगर में आर्म्स एक्ट, चोरी और मारपीट के करीब छह मामले दर्ज हैं। वह नवंबर 2025 में जमानत पर जेल से बाहर आया था और इसके बाद दोबारा गिरोह सक्रिय कर लिया। रिमांड अवधि पूरी होने पर शुक्रवार को उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
इन वारदातों का हुआ खुलासा
18 जून को समालखा के भापरा गांव से विकास की इको गाड़ी चोरी।
29 मई को चांदनी बाग थाना क्षेत्र स्थित आरएस इंटरप्राइजेज के बाहर से बोलेरो पिकअप चोरी।
7 मई को बापौली में दुकान के बाहर से सुभाष चंद की इको चोरी।
21 नवंबर 2025 को कुरुक्षेत्र के थानेसर सदर थाना क्षेत्र से टाटा एस (छोटा हाथी) चोरी।
31 दिसंबर 2025 को सनौली खुर्द से जरीफ का टाटा एस (छोटा हाथी) चोरी।