इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा शुक्रवार को पानीपत जिले के पदाधिकारियों के साथ निजामपुर गांव में मृतक किसान बिजेंद्र कुमार के परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और कहा कि इस दुख की घड़ी में इनेलो का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके साथ खड़ा है। माजरा ने कहा कि बिजेंद्र की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए इनेलो सड़कों पर उतरने को तैयार है।
विज्ञापन
इसके बाद माजरा इनेलो जिला अध्यक्ष कुलदीप राठी के सेक्टर 18 स्थित आवास पर पहुंचे और पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि मृतक बिजेंद्र ने मरने से पहले कैमरे के सामने परिजनों को बयान दिया था कि उनके ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाई गई। उन्होंने पुलिस से मांग की कि इस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। माजरा ने सरकार से पीड़ित परिवार को दो करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। साथ ही, इस मामले की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज से करवाने की मांग उठाई।
विज्ञापन
माजरा ने आरोप लगाया कि पुलिस ने केवल बिल्डर कंपनी के दो कारिंदों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जबकि बिल्डर कंपनी के मालिक का नाम इसमें शामिल नहीं है। उन्होंने मांग की कि बिल्डर कंपनी के मालिक और इस हत्याकांड में शामिल सभी लोगों के खिलाफ नामजद हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए।
इनेलो प्रदेश अध्यक्ष ने हरियाणा सरकार और जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 9 जून तक पानीपत पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया और बिल्डर कंपनी के मालिक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज नहीं किया, तो 10 जून को इनेलो के हजारों कार्यकर्ता लघु सचिवालय के सामने ऐलिवेटिड जीटी रोड फ्लाईओवर के नीचे धरना देंगे। इस धरने में इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला भी शामिल होंगे। धरने के दौरान उपायुक्त पानीपत के माध्यम से मुख्यमंत्री हरियाणा को ज्ञापन सौंपा जाएगा।