संवाद न्यूज एजेंसीसमालखा। जीटी रोड पर 70 माइल्स ढाबे के पास हुए सड़क हादसे में घायल कंटेनर चालक की मौत हो गई। हादसा दो अक्तूबर की सुबह करीब 3:10 बजे हुआ था। चालक का पहले समालखा और रोहतक पीजीआई में उपचार के लिए ले जाया गया था। इसके बाद परिजन उसे मुरादाबाद के अस्पताल ले गए, जहां 11 अक्तूबर को उसने दम तोड़ दिया।
उत्तर प्रदेश के जिला मुरादाबाद की तहसील ठाकुरद्वारा के गांव जटपुरा निवासी रईस अहमद ने समालखा थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई अनीस अहमद बंद कंटेनर पर चालक के रूप में काम करता था।
दो अक्तूबर को वह दिल्ली से कंटेनर खाली करके हिमाचल प्रदेश के बद्दी जा रहा था। जब वह जीटी रोड पर 70 माइल्स ढाबे के पास पहुंचा तो उसके आगे चल रहे वाहन के चालक ने बिना कोई संकेत या इंडिकेटर दिए अचानक तेज गति से ब्रेक लगा दिए। इससे अनीस का कंटेनर आगे चल रहे वाहन से चालक की तरफ टकरा गया। हादसे में अनीस अहमद को गंभीर चोटें आईं।
प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। बाद में परिजन उसे मुरादाबाद के कोटेन अस्पताल ले गए थे। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। समालखा थाना प्रभारी महिपाल ने बताया कि परिजन ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ शिकायत दी है। जांच जारी है।
टोल प्लाजा पर ट्रक ट्राले ने कार को मारी टक्कर, लगा लंबा जाम
सनौली। नेशनल हाईवे-709 एडी पर सनौली-तामसाबाद टोल प्लाजा पर बुधवार को लाइन में खड़ी कार को पीछे से आ रहे ट्रक-ट्राले ने टक्कर मार दी। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसमें सवार लोग बाल-बाल बच गए। टक्कर के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। सनौली थाना प्रभारी विनोद ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक-ट्राले को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। संवाद