समालखा। पीएम सूर्य घर योजना को लेकर बिजली निगम का मुख्य उद्देश्य है। जिसको लेकर निगम की ओर से गांव व शहर में उपभोक्ताओं को जागरूक करने व योजना का लाभ लेने के लिए खुला दरबार लगाए जा रहे हैं। वही योजना को लेकर काम के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता के आदेश पर बिहौली सब डिवीजन के एसडीओ को रिलीव कर दिया गया। जिसकी पुष्टि समालखा बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता एमएस धीमान ने की। जल्द ही यहां पर किसी अन्य एसडीओ को तैनात किया जाएगा।
इस बारे जानकारी देते हुए समालखा बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता एम एस धीमान ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को लागू करने के लिए कुछ दिन पहले चारों सब डिवीजन के एसडीओ की बैठक लेकर गांव व शहर में खुले दरबार लगाकर उपभोक्ताओं को जागरूक करने व योजना का लाभ लेने के लिए दिशा निर्देश दिए गए थे।
इसके साथ ही सब डिवीजन के चारों एसडीओ को 25 नवंबर तक 100 उपभोक्ताओं के यहां सोलर रुफटोप सिस्टम लगाने के लिए टारगेट दिया गया था। जिसमें समालखा सब डिवीजन में 34 बिहौली सब डिवीजन में 3 बापौली सब डिवीजन में 3 व छाजपुर सबडिवीजन में पांच उपभोक्ताओं के यहां सोलर रुफटोप सिस्टम लगाए गए हैं। जिसमें बिहौली सब डिवीजन के एसडीओ का कामकाज ठीक नहीं रहा।
इसमें टारगेट को पूरा न करने पर लापरवाही सामने आने पर अधीक्षक अभियंता के आदेश पर एसडीओ को रिलीव कर दिया गया। उनकी जगह जल्द ही किसी अन्य एसडीओ को तैनात किया जाएगा। इस सब डिवीजन के अंतर्गत 27 गांव आते हैं। जबकि अन्य एसडीओ को सख्त हिदायत देते हुए जल्द से जल्द काम को पूरा करने को कहा गया है। जिसको लेकर एसडीओ इसी काम पर लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि काम के प्रति लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी।