केंद्रीय भूजल बोर्ड की सख्ती के बाद शहर के उद्यमियों ने पानी के लिए अनुमति मांगनी शुरू कर दी है। करीब 40 बड़े उद्योगों ने केंद्रीय जल बोर्ड में आवेदन किया है। इनमें 30 इंडस्ट्री टैक्सटाइल की हैं। एक साथ आवेदन आने पर बोर्ड के अधिकारी भी हैरान है। इसके अलावा अब भी जिले में 500 से अधिक उद्योग बिना एनओसी के अवैध रूप से हर रोज 5 करोड़ भूमिगत जल का दोहन कर रहे हैं। अब तक मात्र 7 उद्योगों के पास ही भूमिगत जल का दोहन करने की परमिशन है। इससे पानीपत का भूमिगत जल स्तर लगातार गिर रहा है। पानीपत में पिछले 10 साल में 10 फुट भूमिगत जल स्तर गिर चुका है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और केंद्रीय भूजल बोर्ड इन दिनों जल दोहन और पर्यावरण प्रदूषण फैलाने वाली इंडस्ट्री पर लगातार कार्रवाई कर रहा है। अब तक करीब 110 इंडस्ट्री को खामियां मिलने पर क्लोजर नोटिस थमाए जा चुके हैं। इनमें से 30 प्रतिशत इंडस्ट्री पर अनुमति के बिना जल दोहन के तहत कार्रवाई की गई है। अब एनओसी लेने के लिए मात्र 18 दिन बचे हैं। 30 सितंबर तक उद्यमी ऑनलाइन एनओसी के लिए अप्लाई कर सकते हैं। इसके बाद उद्यमियों को हर रोज 5 हजार रुपये जुर्माना देना होगा। अब उद्यमियों का कहना है कि वो एनओसी के लिए आवेदन कर रहे हैं उनको पहले इस तरह की अनुमति लेने की जानकारी नहीं थी।
टैक्सटाइल और कॉटन कंपनी अनुमति लेने में सबसे अधिक
40 में से 30 टेक्सटाइल की इंडस्ट्री हैं। इसके बाद सबसे ज्यादा तीन कॉटन और दो राइस मिलों ने अनुमति मांगी है। अस्पतालों में प्रेम अस्पताल इसके लिए आगे आया है। इसके अलावा फार्मा, डिस्टलरी, स्टील फूड प्रोसेस, प्लाइवुड, पैकेज ड्रिक, रबर, केमिकल, सीमेंट व डेयरी की एक-एक यूनिट हैं। रियल एस्टेट में एक ही कंपनी है। इनमें बापौली नोटिफाइड एरिया की 6 व समालखा की 5 इंडस्ट्री भी हैं।
- रियल एस्टेट और कई बड़ी कंपनी अभी बाकी
पानीपत में करीब 20 हजार छोटी-बड़ी इंडस्ट्री हैं। अब तक सात इंडस्ट्री व रियल एस्टेट कंपनी जल दोहन की अनुमति से चल रही हैं। बड़ी संख्या में इंडस्ट्री अवैध रूप से पानी का दोहन कर रही हैं। इनमें आइओसीएल की पानीपत रिफाइनरी, एनएफएल और थर्मल समेत बड़ी इंडस्ट्री शामिल हैं। सबसे हैरान करने वाला विषय रियल एस्टेट कंपनियों की अनुमति नहीं लेना है। अब तक केवल एक ही कंपनी एनओसी ले पाई है।
500 से अधिक यूनिट निकाल रही बिना परमिशन के भूजल
दिल्ली के शैलेश कुमार की शिकायत पर सीपीसीबी ने पानीपत की 55 इंडस्ट्रीज के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। यहां 500 से अधिक डाइंग यूनिट हैं, जो बिना अनुमति के पानी निकाल रही है। इस ओर तो बोर्ड का अभी ध्यान ही नहीं गया है।
ग्राउंड वाटर की क्वालिटी खराब होने पर सील होंगे सभी ट्यूबवेल
सीपीसीबी ने नगर निगम को पेयजल के लिए उपयोग हो रहे ग्राउंड वाटर की जांच करने का आदेश दिया है। साथ ही कहा कि जो विभाग पानी की सप्लाई कर रहा है। उस पानी के सैंपल की जांच होनी चाहिए। यह जांच पानी जांचने वाली किसी एजेंसी से कराई जाए। अगर पानी की क्वालिटी खराब है तो उस ट्यूबवेल को सील कर दिया जाए।
10 साल में 5 डीसी आए, किसी ने नहीं दिया भू-जल स्तर पर ध्यान
पिछले 10 साल में पानीपत का भू-जल स्तर 10 फीट तक नीचे गिर गया। पानीपत की औद्योगिक इकाइयों, अवैध रूप से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में लगे ट्यूबवेल लगातार भूमिगत जल का दोहन करते रहे। 10 साल में 5 डीसी पानीपत में आए, लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। 10 साल पहले तक भूजल प्राधिकरण भी सक्रिय नहीं था। इस कारण कार्रवाई नहीं हो पाई। आरोप ये भी है कि उद्योगपतियों की राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के साथ मिलीभगत के कारण औद्योगिक इकाइयों से प्रदूषित पानी सीधा भूमिगत जल पर छोड़ने पर कभी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए पिछले दो साल से केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ही पानीपत में उद्योगों में छापामारी कर कार्रवाई करता आया है।
एनओसी के लिए आवेदन हुआ सरल
उद्यमियों की मांग को देखते हुए सेंट्रल ग्राउंड वाटर अथॉरिटी ने एनओसी का आवेदन को सरल किया है। औपचारिकताएं कम की गई है। आवेदन के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की कंसेंट, रेन हार्वेस्टिग डिजाइन की प्रति, अथॉरिटी लेटर, पानी वितरित नहीं कर रहे का सर्टिफिकेट ही देना होगा। यदि व्हाहिट कैटेगरी में यूनिट आता है। तो प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से कंसेंट के स्थान पर छूट का पत्र लेना होगा।
528 उद्योगों को पास कंसेंट : चहल
पानीपत में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने 528 उद्योगों को कंसेंट दी हुई है। इनमें से 40 उद्योगों ने ही एनओसी के लिए आवेदन किया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी भूपेंद्र चहल ने बताया कि उद्यमियों को आवेदन का प्रोसेस समझाया गया है। 1000 रुपये देनी होगी फीस एनओसी के लिए आवेदन ऑन लाइन करना होगा। एक हजार रुपये फीस देनी होगी। 10 किलोलीटर तक के लिए चंडीगढ़ में आवेदन देना होगा। इससे अधिक के लिए दिल्ली में आवेदन दिया जाएगा। पानीपत में बिना अनुमति के हर रोज पांच करोड़ लीटर पानी का दोहन हो रहा है।
वर्जन
सरकार ने भूमिगत जल के लिए एनओसी लेने के प्रक्रिया में कुछ सुधार किया है। ये पहले से सरल हुआ है। उद्यमी लगातार एनओसी के लिए अप्लाई कर रहे हैं। 30 सितंबर तक अधिक से अधिक उद्यमी एनओसी के लिए अप्लाई करेंगे। एनओसी सरल करने के सरकार के कदम का वो स्वागत करते हैं।
- भीम राणा, प्रधान डायर्स एसोसिएशन