जिले में कोविड-19 के पॉजिटिव मामलों में अचानक तेजी आई है। पॉजिटिव मरीजों की बेहतर देखभाल के लिए कोविड केयर सेंटर्स की संख्या बढ़ाना जरूरी हो गया है, ऐसे में जिला प्रशासन ने शहर के उद्योगपतियों, समाजसेवियों, इंडियन ऑयल कारपोरेशन एवं एनएफएल अधिकारियों के साथ बुधवार को बैठक की। इस दौरान उनसे जिले में नए कोविड केयर सेंटर स्थापित करने के लिए सहयोग मांगा गया। अभी तक जिले में महज एक ही कोविड केयर सेंटर इसराना स्थित एनजी मेडिकल कॉलेज में हैं, लेकिन एक दिन में 90 तक कोविड-19 पॉजिटिव केस आने से प्रशासन की परेशानी बढ़ गई है।
डब्ल्यूएचओ की नई गाइडलाइन के मुताबिक बनेंगे नए कोविड केयर सेंटर
विश्व स्वास्थ्य संगठन की नई गाइडलाइन के मुताबिक नए कोविड केयर सेंटर स्थापित करने पर काफी खर्चा आएगा। होम क्वारंटीन के दौरान दी जाने वाली सुविधाओं का जहां अभाव है, उन्हें नए कोविड केयर सेंटर्स में रखा जाएगा। इन सेंटरों के लिए जिला प्रशासन ने सरकार से मांग की है और उद्योगपतियों एवं समाजसेवियों से भी पूर्ण सहयोग मांगा गया है। कम लक्षण और बगैर लक्षण वाले मरीजों के लिए यह नए कोविड केयर सेंटर बनाए जाएंगे। इस मौके पर उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त प्रीति, निगमायुक्त सुशील कुमार, नगराधीश सुमन भाखड़, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की संयुक्त निदेशक क्षितिज कपूर, इंडियन ऑयल कोरपोरेशन से एसके त्रिपाठी एवं जोगिंद्र सिंह, एनएफएल से विवेक कुमार, उद्योगपति भीम राणा, सरदार हरचरण सिंह थम्मू, श्रीभगवान, प्रमोद कुमार, प्रीतम सचदेवा, विनीत शर्मा मौजूद रहे।
- नए कोविड केयर सेंटर्स में अनिवार्य सुविधाएं
जिनके पास होम आइसोलेशन की सुविधा नहीं है और चिकित्सकों की देखरेख में रहना चाहते हैं, उन्हें नए कोविड केयर सेंटर्स में भोजन, दवाओं, ऑक्सीजन बेड, मेडिकल सुपरविजन की सुविधा निशुल्क दी जाएगी।
केवल सावधानी में ही सुरक्षा है। कोरोना पॉजिटिव को उचित सुविधा दी जाए तो अधिकतर मरीज ठीक हो जाते हैं। अर्थतंत्र को पटरी पर लाने के लिए लॉकडाउन में ढील देने के सिवाय कोई विकल्प नहीं था, लेकिन लोग इसे हल्के में ले रहे हैं। कोरोना के मामलों में तेजी से वृद्धि हुई है। ऐसे में नए कोविड केयर सेंटर स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।
- धर्मेंद्र सिंह, उपायुक्त, पानीपत