माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र को लगभग 23 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात मिली। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने वीरवार को तीनों विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
शिक्षा मंत्री ने सेक्टर-25 पार्ट-2 में एचएसआईआईडीसी द्वारा लगभग 13.5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आरसीसी (कंक्रीट) सड़कों का लोकार्पण किया। इसे औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय से सड़कें जर्जर थी। इससे उद्योगपतियों व कर्मचारियों को भारी परेशानी हो रही थी।
वार्ड नंबर-26 में काबड़ी कच्चा फाटक से जैन चौक तक लगभग सात करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली आरसीसी सड़क का शिलान्यास किया गया। यह क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी प्रमुख मांग थी। बाबरपुर मंडी स्थित फुटपाथ के सुंदरीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया। लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक व आकर्षक फुटपाथ का निर्माण कराया जाएगा।
शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास को राजनीति नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम मानती है। प्रदेश का कोई भी गांव, वार्ड या शहर विकास से अछूता नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि मजबूत सड़कें और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर ही किसी भी क्षेत्र के आर्थिक व औद्योगिक विकास की रीढ़ होते हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और सभी परियोजनाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि मजबूत सड़कें, बेहतर आधारभूत सुविधाएं और सुव्यवस्थित शहरी ढांचा किसी भी क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक विकास की मजबूत आधारशिला होते हैं। इस दौरान उद्योगपतियों ने कंक्रीट सड़कों के निर्माण पर मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इससे औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इस मौके पर मेयर कोमल सैनी, संयुक्त सचिव मन्नी त्यागी, पार्षद बिट्टू प्रजापति, पार्षद मनजीत कौर, पार्षद कुसुम भट्ट, डॉ. राजबीर आर्य, कपिल राणा व मंडलाध्यक्ष अतर सिंह उपस्थित रहे।