समालखा। समालखा के महावटी गांव में पैसे के लेनदेन को लेकर एक बुजुर्ग को ईंट और डंडे से पीटकर बुरी तरह घायल कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बुजुर्ग की हत्या के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
महावटी निवासी मनोज ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उसके पिता राजिंद्र ने गांव के ही सुनील से जब उधार दिए पैसे मांगे तो उन्होंने उसके पिता को बुधवार रात करीब नौ बजे बैठक में बुलाकर पहले शराब पिलाई, फिर ईंट और डंडों से पीट-पीट कर अधमरा कर दिया। उसे समालखा अस्पताल लाया गया तो डाक्टर ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए उन्हें खानपुर पीजीआई रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। समालखा पुलिस ने मृतक राजिंद्र के बेटे मनोज के बयान पर जय प्रकाश, जितेंद्र और सुनील के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।