राजकीय स्कूल बबैल में नशे से दूर रहने की शपथ लेते विद्यार्थी।
- भाषण, पेंटिंग और खेल प्रतियोगिताओं के जरिये किया जागरूक, नशे से दूर रहने की ली शपथ
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बबैल की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा शुक्रवार को गांव में नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया और नशामुक्त भारत के निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अजेंद्र कुंडू ने किया। मुख्य अतिथि सीएचसी खोतपुरा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण शर्मा और विशिष्ट अतिथि जिला एनएसएस संयोजक सुनील मलिक ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान बताए। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नशामुक्त समाज विषय पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों और इससे बचाव के उपायों पर विचार रखे। विद्यार्थियों ने रस्साकशी, पिट्ठू, कबड्डी, दौड़ और पेंटिंग प्रतियोगिताओं में भी उत्साह से भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से सहयोग, अनुशासन और टीम भावना का संदेश दिया गया।
इसके बाद विद्यालय से शुरू हुई जागरूकता रैली गांव के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए वापस विद्यालय पहुंची। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ ली। मंच संचालन भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता संदीप ने किया।