पानीपत। रेलवे स्टेशन पर मॉडल टाउन स्थित सीडीओ कार्यालय के बाहर लंबे समय से खड़े किए जा रहे दोपहिया वाहनों को लेकर अब विवाद गहराता जा रहा है। कार्यालय के बाहर रोजाना बाइक खड़ी की जा रही हैं। इससे न सिर्फ अव्यवस्था फैल रही है बल्कि अधिकृत पार्किंग संचालक को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। इसी को लेकर पार्किंग संचालक ने रेलवे प्रशासन के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद रेलवे वाणिज्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए कर्मचारियों को दफ्तर के सामने से वाहन हटाने के निर्देश जारी किए हैं।
पार्किंग संचालक ने बताया कि सीडीओ कार्यालय के बाहर सड़क किनारे और प्रवेश मार्ग के पास वाहन खड़े कर दिए जाते हैं। इससे न केवल यातायात बाधित होता है बल्कि अधिकृत पार्किंग का उपयोग कम होने से उन्हें प्रतिदिन नुकसान उठाना पड़ रहा है। कर्मचारी भी दफ्तर के बाहर वाहन खड़े कर देते हैं।
सभी कर्मचारी अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल में ही खड़े करें और दफ्तर के सामने किसी भी प्रकार की पार्किंग न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे चलकर चालान या अन्य अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मुकेश, मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, रेलवे।