सनौली। सनौली और गढ़ी बेशक गांव में अवैध रूप से चल रहे दो क्लीनिक को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर दिया है। टीम के आने की सूचना मिलते ही दोनों के झोलाझाप भाग गए। टीम नकली दवा व बिना किसी डिग्री के क्लीनिक चलाने संबंधी शिकायत पर पहुंची थी।
मेडिकल आफिसर डॉ. दीपक कुमार, डीओए पानीपत डॉ. संजय, डॉ. पवन कुमार टीम सहित सनौली खुर्द गांव में चल रहे हेल्थ क्लीनिक पर पहुंचे। यहां क्लीनिक संचालक नहीं मिला। जरूरी दस्तावेज, डिग्री व अनुमति आदि से संबंधित कागजात भी नहीं मिले। लोगों ने बताया कि दो व्यक्ति क्लीनिक चलाते हैं। टीम ने किसी प्रकार के दस्तावेज या जवाबदेही न मिलने पर क्लीनिक को सील कर दिया हैं। टीम इसके बाद गढ़ी बेशक गांव स्थित एक अस्पताल में पहुंची। टीम को क्लीनिक के संबंध में जरूरी दस्तावेज, डॉक्टर की डिग्री व अनुमति आदि से संबंधित कागजात भी नहीं मिले। दबिश के दौरान क्लीनिक में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था।