संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2026 सत्र के लिए 36 विषयों में पीएचडी कार्यक्रमों के दाखिले शुरू कर दिए हैं। विद्यार्थियों, शिक्षकों और पेशेवरों के पास अब पीएचडी करने का सुनहरा अवसर है। इच्छुक अभ्यर्थी 1 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 10 जून से शुरू हो चुकी है। अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और पीएचडी प्रवेश पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
प्रवेश प्रक्रिया विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के पीएचडी विनियम-2022 के अनुसार संचालित की जाएगी। अभ्यर्थी यूजीसी-नेट जेआरएफ, यूजीसी-नेट (असिस्टेंट प्रोफेसर एवं पीएचडी पात्र), यूजीसी-नेट (केवल पीएचडी पात्र) तथा विश्वविद्यालय स्तर की प्रवेश परीक्षा के माध्यम से चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार अनिवार्य रहेगा।
पूर्णकालिक और अंशकालिक दोनों विकल्प उपलब्ध
इग्नू द्वारा पूर्णकालिक और अंशकालिक दोनों प्रकार के पीएचडी कार्यक्रम उपलब्ध कराए जा रहे हैं। चयनित शोधार्थियों को नई दिल्ली स्थित इग्नू मुख्यालय में कोर्स वर्क पूरा करना होगा, जिसमें न्यूनतम 80 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी। आवेदन शुल्क 2000 रुपये निर्धारित किया गया है।
शोध और उच्च शिक्षा में रुचि रखने वाले विद्यार्थी, शिक्षक और पेशेवर समय रहते आवेदन कर सकते हैं। पात्रता, विषयवार सीटें, आरक्षण नीति और प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
इग्नू कुल 36 विषयों में पीएचडी कार्यक्रम संचालित कर रहा है, जिनमें मनोविज्ञान, मानव विज्ञान, राजनीति विज्ञान, लोक प्रशासन, जैव रसायन, रसायन विज्ञान, भूगोल, भूविज्ञान, जीवन विज्ञान, भौतिकी, सांख्यिकी, गणित, संस्कृत, हिंदी, अंग्रेजी, कंप्यूटर विज्ञान, शिक्षा, दूरस्थ शिक्षा, पर्यावरण विज्ञान, ललित कला, रंगमंच कला, संगीत, नृत्य, समाज कार्य, प्रबंधन, वाणिज्य, पोषण विज्ञान, बाल विकास, गृह विज्ञान, व्यावसायिक शिक्षा, विकास अध्ययन, जेंडर एवं विकास अध्ययन, अनुवाद अध्ययन, फ्रेंच, अरबी तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार शामिल हैं।
पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया एक नजर में
36 विषयों में पीएचडी प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित
आवेदन की अंतिम तिथि: 1 जुलाई 2026
आवेदन शुल्क: 2000 रुपये
यूजीसी-नेट और प्रवेश परीक्षा के आधार पर चयन
सभी अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार अनिवार्य
पूर्णकालिक और अंशकालिक दोनों विकल्प उपलब्ध
कोर्स वर्क के लिए 80 प्रतिशत उपस्थिति आवश्यक
वर्जन
इग्नू शोध और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है। पीएचडी करने के इच्छुक विद्यार्थी, शिक्षक और पेशेवर अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन करें। पात्रता, विषयवार सीटों, आरक्षण नीति एवं प्रवेश प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। -डॉ. धर्मपाल, क्षेत्रीय निदेशक, इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल।