माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। शहर में ऑड-ईवन लागू हुए एक सप्ताह बीत गया। प्रशासन ने इसे सफल मानकर आगे जारी रखने का फैसला लिया है। वहीं ऑटो और ई-रिक्शा चालक इसके विरोध में आ गए हैं। रविवार को ऑटो यूनियन के प्रधानों की बैठक हुई। जिसमें ऑटो चालकों ने प्रशासन को 10 सितंबर तक ऑड-ईवन को वापस लेने की चेतावनी दी है। ऐसा न करने पर 11 सितंबर से शहर में ऑटो चालक चक्का जाम करेंगे।
प्रशासन ने शहर को जाम से मुक्त करने के लिए बीते सोमवार को ऑड-ईवन लागू किया था। एक सप्ताह तक फॉर्मूले का सख्ती से पालन कराया गया। नियमों का उल्लंघन करने पर 45 से अधिक वाहनों को जब्त किया गया। वहीं कुछ के चालान काटे गए। प्रशासन का दावा है कि एक सप्ताह की समीक्षा में ऑड-ईवन का फॉर्मूला सफल रहा। अब प्रशासन ने इसे आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। लेकिन, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों ने इसका विरोध किया है। रविवार को जीटी रोड पर फ्लाईओवर के नीचे ऑटो चालकों की बैठक हुई। जिसमें सभी मुख्य मार्गों के प्रधानों ने हिस्सा लिया। इसमें एक सप्ताह में सामने आई परेशानियों पर चर्चा की गई। जिसके बाद यूनियन के प्रधानों ने प्रशासन को 10 सितंबर तक ऑड-ईवन को वापस लेने का अल्टीमेटम दिया है।
गोहाना रोड के प्रधान नरेश डाहर ने बताया कि यदि 10 सितंबर तक ऑड-ईवन को वापस नहीं लिया गया तो 11 से वह शहर में चक्का जाम करेंगे। इसके लिए सभी यूनियनों के प्रधानों से बात हो गई है। बैठक में सनौली रोड से नफीस खान, संजय शर्मा, बाबरपुर रोड से अर्जुन और लक्की, सिवाह रोड से विनोद, नरेश संजय राधेश्याम मौजूद रहे।