समालखा। दस साल पहले जिस पत्नी के साथ सात फेरे लेते हुए सात जन्मों तक साथ निभाने का वचन दिया था बुधवार को तीज के दिन उसी पत्नी को पति ने बंद कमरे में डंडों से बुरी तरह पीटा। आरोप है कि बेरहम पति अपनी पत्नी को तब तक पीटता रहा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। सिर में कई डंडे लगना मौत का बड़ा कारण रहा। इस सनसनीखेज वारदात को शराबी पति ने थाना समालखा के गांव महावटी में बुधवार सुबह अंजाम दिया।
आरोपी पति, पत्नी को मौत के घाट उतार कर फरार हो गया। सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंचे डीएसपी नरेंद्र कादियान, एसएचओ नीरज, हलदाना पुलिस चौकी प्रभारी राजबीर और फोरेंसिक टीम मौके ने घटना का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा। जानकारी के अनुसार मनीषा (34) बुधवार सुबह करीब साढे नौ बजे मकान की छत पर बने अपने कमरे में पति बिजेंद्र और नौ वर्षीय बेटे वंश के साथ चाय पी रही थी। इसी दौरान दंपती में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। पति बिजेंद्र ने पत्नी मनीषा को कमरे में बंद करके डंडे से बेरहमी से पीटा। झगड़ा होते देख कर उसके नौ वर्षीय बेटे वंश ने छत से शोर मचाकर नीचे परिजनों को आवाज दी, लेकिन परिजनों के छत पर पहुंचने से पहले ही गंभीर रूप से घायल होने के कारण मनीषा दम तोड़ चुकी थी।
वारदात के बाद आरोपी पति बिजेंद्र आसपास की छतों से कूदते हुए फरार हो गया। एफएसएल की टीम ने भी मौके से जांच के लिए नमूने एकत्रित किए। पुलिस को दी शिकायत में सोनीपत के गांव झरोठी निवासी प्रवीन ने बताया कि वर्ष 2014 में उसकी दो बहनों मनीषा व रीना की शादी गांव महावटी निवासी सुरेश के लड़कों के साथ हुई थी। उसने बताया कि मनीषा का पति बिजेंद्र शराब पीने का आदि था और शराब पीकर वह अक्सर घर में झगड़ा करता था। बिजेंद्र ने उसकी बहन मनीषा की बुधवार को हत्या कर दी।
वर्जन
थाना समालखा प्रभारी नीरज ने बताया कि पुलिस ने मृतक मनीषा के भाई प्रवीन के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी वारदात के बाद फरार है। उसकी तलाश को लेकर दबिश दी जा रही है।