पानीपत। सेक्टर 13-17 थानाक्षेत्र के एक गांव में सोमवार देर शाम महिला ने ट्रांसपोर्टर की मारपीट से आहत होकर बेटी के सामने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। बेटी ने अपने पिता को सूचना दी। चंडीगढ़ से पिता पानीपत पहुंचे और मामले की सूचना सेक्टर 13-17 थाने की पुलिस को दी। पति ने ट्रांसपोर्टर पर पत्नी के साथ अवैध संबंध के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।
सेक्टर 13-17 थानाक्षेत्र निवासी पति ने बताया कि उसके दो बच्चे हैं। वह मेहनत मजदूरी करता है। उसकी 35 वर्षीय पत्नी सेक्टर 18 में एक ट्रांसपोर्टर के घर में साफ-सफाई व खाना बनाने का काम करती थी। उसकी बेटी भी हमेशा मां के साथ रहती थी। ट्रांसपोर्टर व उसकी पत्नी के अवैध संबंध थे। उसकी बेटी ने भी उन्हें आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इस संबंध में उसने और ग्रामीणों ने ट्रांसपोर्टर को समझाया, लेकिन वह नहीं माना। उसकी पत्नी अपनी बेटी के साथ सेक्टर 18 में काम करने गई थी, जहां ट्रांसपोर्टर ने पत्नी व बेटी के साथ मारपीट की। इसके चलते पत्नी ने आहत होकर बेटी के सामने जहर खा लिया। बेटी ने उसे पूरे मामले की सूचना दी। वह चंडीगढ़ था। सूचना पाकर पानीपत लौटा और मामले की सूचना पुलिस को दी।
पीड़ित परिवार का कहना है कि ट्रांसपोर्टर व उसके समर्थक पीड़ित परिवार पर समझौते के लिए दबाव बना रहे हैं। मंगलवार को थाने के बाहर भी समर्थक पहुंचे और उन पर समझौते का दबाव बनाया। कोई कार्रवाई न कराने की बात कही, लेकिन पति नहीं माना और उसने लिखित में शिकायत दी।
पति की तरफ से शिकायत मिली है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
- बिलासा राम, प्रभारी, थाना सेक्टर 13-17