पानीपत। परिवार पहचान पत्र की वजह से कट रहे राशन कार्ड और पेंशन के विरोध में सोमवार को सैकड़ों लोग विरोध प्रदर्शन करने सचिवालय में पहुंच गए। इनकी अगुवाई कांग्रेसी नेताओं ने की। इस दौरान ज्यादातर लोग ग्रामीण विधान सभा क्षेत्रों से आए। काफी देर तक विरोध प्रदर्शन करने के बाद उन्होंने कांग्रेसी नेता महिपाल सूबेदार के साथ सीएम के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया।
कांग्रेस नेता महिपाल सूबेदार ने कहा कि मौजूदा सरकार गरीबी कम करने की बजाय गरीबों को कम करने पर तुली है। इसीलिए न तो महंगाई पर रोक लगाने की बजाए उल्टा परिवार पहचान पत्र में गरीब परिवारों की आमदनी अधिक दिखाकर उनके राशन कार्ड एवं बुढ़ापा पेंशन काट दी गई है। जिससे गरीब परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। कॉलोनी वासी उनके पास आकर अपनी बुढ़ापा पेंशन एवं राशन कार्ड काटे जाने की शिकायतें करते हैं।
कांग्रेसी नेता सुभाष बठला ने कहा कि शहर की जनता पहले महंगाई से परेशान थी और अब उनका राशन कार्ड कट जाने से और दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को चाहिए इन गरीब जरूरतमंद लोगों का राशन कार्ड न काटकर और बेहतरीन सुविधाएं देनी चाहिए लेकिन सरकार और सुविधाएं देने की बजाय पहले वाली सुविधाएं वापस ले रही है।
मदन लाल मजोका ने कहा कि ग्रामीण की जनता आज परेशान होकर अपनी समस्या का हल पाने के लिए लघु सचिवालय पहुंची है। जिनक परिवारों में कोई कमाने वाला नहीं है केवल विधवा औरत है, उसकी भी आय पांच लाख दिखाई गई है, यह सर्वे केवल दफ्तर में बैठकर किया गया है, घर-घर जाकर नहीं। अगर घर-घर जाकर सर्वे किया होता तो यह मुसीबत खड़ी न होती
इस अवसर पर सूबेदार प्रताप सिंह, पूर्व डिप्टी मेयर सुभाष बठला, खुशीराम जागलान, पूर्व पार्षद जयकुमार बिंदल, पूर्व पार्षद मदन लाल मजोका, विशंभर गुर्जर, शमशेर वाल्मीकि, जितेंद्र ढोचक, डॉ. प्रेम शर्मा, बलवान मलिक, होशियार सिंह, जीत प्रजापत, बलवान शर्मा, सुधीर शर्मा, बलबीर मलिक, सुखबीर सहरावत, कृष्ण कश्यप व जितेंद्र कंडेला आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।