पानीपत। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण सेक्टर 29 पार्ट-2 में अपनी जमीन पर हुए अवैध कब्जों पर अब कार्रवाई करने जा रहा है। इसे लेकर एचएसवीपी की ओर से कब्जाधारियों को नोटिस तक बांटने शुरू कर दिए गए हैं। नोटिस में कब्जा करने वालों को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया जा रहा है।
नोटिस में स्पष्ट है कि दिए गए अल्टीमेटम में अगर जगह को खाली नहीं किया गया तो विभाग की ओर से कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में अगर किसी प्रकार का नुकसान होता है तो उसकी जिम्मेदारी भी कब्जा करने वाले की होगी। एचएसवीपी के संपदा अधिकारी विजय राठी बताते हैं कि एचएसवीपी की जमीन पर कुछ लोग सालों से कब्जा किए हुए हैं। कई बार विभाग की ओर से कार्रवाई भी की जाती रही है लेकिन कुछ जगह विभाग कार्रवाई नहीं कर पाया तो कुछ जगह कब्जाधारियों को हटाने के बाद वे वापस आकर कब्जा करने लगे हैं। विभाग की जमीन को कब्जामुक्त कराने को लेकर कब्जाधारियों को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। इसके बाद विभाग दलबल के साथ अपनी जमीन को कब्जामुक्त कराने का काम करेगा।