पानीपत। ड्यूटी के लिए घर से निकले होमगार्ड के जवान प्रदीप (32) निवासी गांव जलालपुर की हार्ट अटैक से मौत हो गई। परिजनों ने तबीयत बिगड़ने पर जवान को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हुई। जवान की तैनाती चांदनी बाग थाने में चल रही थी। जलालपुर निवासी गोविंद ने बताया कि उसके पड़ोसी प्रदीप होमगार्ड में जवान थे। वर्तमान में उनकी ड्यूटी चांदनीबाग थाने में चल रही थी। बुधवार सुबह वह ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकले थे लेकिन कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। जवान को तुरंत ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। होमगार्ड के जवान की मौत होने की सूचना पर सनौली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पूरे मामले की जांच की। परिजनों के बयान दर्ज कर पंचनामे की कार्रवाई की। उधर, पड़ोसी गोविंद ने बताया कि प्रदीप की करीब पांच साल पहले शादी हुई थी। उनका एक पांच-छह माह का बेटा भी है। सनौली थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि जलालपुर निवासी होमगार्ड जवान की हार्ट अटैक से मौत हुई है।