पानीपत। हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर लौट रहे हिसार के चाचा और भतीजे की मुज्जफरनगर में टोल टैक्स के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार गलत दिशा में आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों घायलों को पास के सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने चाचा को मृत घोषित कर दिया और भतीजे को पानीपत रेफर कर दिया। पानीपत पहुंचने तक उसकी भी मौत हो गई। यहां डॉक्टर ने देखते ही भतीजे को भी मृत घोषित कर दिया।
हिसार के पुठी समन गांव के दीवान पन्ना निवासी प्रवीण ने बताया कि वह 10 जुलाई को गांव से 35-40 युवाओं के ग्रुप में डाक कांवड़ लेने हरिद्वार गया था। इनमें अजमेर (37) भी शामिल था। 12 जुलाई को अजमेर का भतीजा संजय (27) भी गांव से हरिद्वार आ गया। उन्होंने 14 जुलाई की सुबह 10 बजे गंगाजल जल उठाया और हिसार के लिए निकल पड़े। अजमेर और संजय एक ही बाइक पर थे। संजय बाइक चला रहा था। जब वे मुज्जफरनगर टोल प्लाजा के पास पहुंचे तो सामने से गलत दिशा में आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। अब चाचा का मुज्जफरनगर और भतीजे का पानीपत में पोस्टमार्टम हो रहा है।
मृतक संजय के पिता शमशेर ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी है। बड़ी बेटी शादीशुदा है, जबकि दोनों बेटे अविवाहित हैं। संजय दूसरे नंबर पर था, वह खेती बाड़ी करता था। सबसे छोटा बेटा सन्नी रेलवे पुलिस अलीगढ़ में तैनात है। वह भी कांवड़ यात्रा में शामिल था। परिजनों के अनुसार अजमेर और संजय पिछले 12-15 साल से लगातार डाक कांवड़ ला रहे थे। अजमेर छह भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। वह अविवाहित था और ड्राइवर था।