नेपाल त्रासदी पर प्रार्थना सभा मंचासीन संत। संवाद
पानीपत। नेपाल में आई भीषण त्रासदी के पीड़ितों की सहायता और दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए रविवार सायंकाल सेक्टर 25 स्थित जिमखाना क्लब में संवेदना एवं सांत्वना प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में पानीपत की तमाम सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक, व्यापारिक और औद्योगिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एकजुट हुए। उन्होेंने नेपाल में रह रहे पीड़ितों और पानीपत में निवास कर रहे नेपाली मूल के प्रवासियों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
प्रार्थना सभा की अध्यक्षता करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सदस्य संजय भाटिया ने कहा कि भारत सरकार नेपाल तक पूर्ण रूप से मदद पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह स्वयं भारत के विदेश मंत्रालय और नेपाल के उच्चायुक्त के लगातार संपर्क में हैं ताकि सहायता का मार्ग जल्द से जल्द खुल सके। उन्होंने कहा कि यदि नेपाल सरकार अनुमति देती है, तो हम पुनर्निर्माण के लिए समर्पित हैं। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को भी पानीपत के लोगों द्वारा नेपाल आपदा के लिए दिखाई जा रही इस एकजुटता और सेवा भाव से अवगत कराया जा चुका है। संवेदना सभा में संत समाज ने भी नेपाल के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने मोबाइल के माध्यम से अपना संदेश भेजकर कहा कि देश हर आपदा के समय सेवा के लिए तत्पर रहता है। स्वामी राघवेंद्र भारती और रोहतक में जनजागृति कार्य कर रहे नेपाल में जन्मे स्वामी कालिदास महाराज ने भी अपने विचार रखे। स्वामी कालिदास ने बताया कि वह हाल ही में नेपाल से लौटे हैं और वहाँ की सरकार व जनता को अवगत कराया है कि पूरा भारत उनके दुख में साथ खड़ा है।
विधायक प्रमोद विज ने कहा कि नेपाल और वहाँ के नागरिक हमारे भाई हैं। पानीपत में रह रहे नेपाली भाइयों को संगठित कर उनकी हरसंभव सहायता की जाएगी। उपायुक्त डॉ. हरीश वशिष्ठ ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और राहत कार्यों के लिए तैयार है। शिक्षा मंत्री के बड़े भाई हरपाल ढांडा ने हरियाणा सरकार के माध्यम से राहत सामग्री भेजने का अनुरोध करने की बात कही। उद्योगपति विनोद धमीजा ने विश्वास दिलाया कि पानीपत का उद्योग जगत और व्यापारिक संगठन पूरी तरह तैयार हैं। जैसे ही इजाजत मिलेगी, राहत सामग्री से भरे ट्रक नेपाल भेजे जाएंगे। इस अवसर पर मेयर कोमल सैनी, सतीश गोयल, विभु पालीवाल, राजेश गोयल, महेंद्र कंसल, रमेश माटा, विपिन चुग, कृष्ण रेवड़ी, विशाल वर्मा, दुष्यंत भट्ट, गजेंद्र सलूजा, चांद भाटिया, अनुपम अरोड़ा, डॉ. गौरव श्रीवास्तव, डॉ. गिरीश अरोड़ा और पंकज आहूजा उपस्थित रहे। ब्यूरो
नेपाल त्रासदी पर प्रार्थना सभा मंचासीन संत। संवाद