पानीपत। सनौली मैन हरिद्वार रोड नेशनल हाईवे 709 एडी पर कांवड़ियों का आवागमन शुरू हो गया है। सोमवार को समालखा डीएसपी नरेंद्र कादियान ने डीएसपी सुरेश सैनी, सनौली थाना एसएचओ संदीप कुमार के साथ यमुना बाॅर्डर से छाजपुर कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। सनौली-हरिद्वार रोड पर कांवड़ लेने वालों के वाहनों की संख्या बढ़ रही है। इसलिए महाशिवरात्रि तक सनौली-हरिद्वार रोड पर भारी वाहनों पर रोक रहेगी।
डीएसपी नरेंद्र कादियान ने बताया कि 23 तक महाशिवरात्रि के लिए हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ रहे कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए नेशनल हाईवे 709 एडी पर सभी काॅमर्सियल भारी वाहनों के लिए सनौली-हरिद्वार रोड सील कर दिया है। एसएचओ सनौली थाना संदीप कुमार ने भी सभी भारी वाहनों पर रोक लगा दी है। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए सभी शिविरों पर होम गार्ड और पुलिस जवान लगाए गए हैं। सड़क पर कांवड़ियों की सुविधाओं के लिए जिला प्रशासन दिन-रात लगा हुआ है। कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। इसके लिए पुलिस टीम रोड पर लगातार दिन-रात गश्त कर रही है। प्रशासन ने सड़क किनारे लगे भंडारों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस कर्मी 24 घंटे तैनात किए हैं। सड़क पर सभी भारी वाहन बंद कराए गए हैं। कांवड़ियों की सुरक्षा व सुविधाओं के लिए टीम लगी है।