सिविल अस्पताल में वीरवार सुबह पंचकूला से आई नेशनल क्वालिटी असेसमेंट की चार सदस्यीय टीम ने सिविल अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने एमएस डॉ. आलोक जैन व क्वालिटी ऑफिसर चेतना भाटिया के साथ लेबर वार्ड, इमरजेंसी, ऑपरेशन थियेटर, जनरल वार्ड, एसएनसीयू व ओपीडी की सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की सफाई व्यवस्था व लेबर वार्ड में मिल रही सेवाओं के संबंध में अस्पताल प्रबंधन को दिशा निर्देश दिए गए। टीम दो घंटे तक अस्पताल में रही।
अंबाला की डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. बलिंद्र कौर के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम सुबह 10 अस्पताल पहुंची। टीम ने पहले एमएस डॉ. आलोक जैन के साथ मीटिंग की इसके बाद अस्पताल की सेवाओं को जांचा। टीम को इमरजेंसी वार्ड में सफाई व्यवस्था तो सही मिली, लेकिन यहां पर भीड़ ज्यादा थी। टीम ने प्रबंधन को निर्देश दिए कि जब इमरजेंसी में भीड़ अधिक हो तो दो डॉक्टरों की ड्यूटी लगाए। लेबर वार्ड के पास महिलाएं फर्श पर लेटी मिली। इस पर टीम ने अस्पताल प्रबंधन को फटकार लगाई और वहां पर बेंच बढ़ाने के निर्देश दिए। डॉ. कौर ने कहा कि प्रदेश में सबसे अधिक डिलीवरी पानीपत सिविल अस्पताल में होती है। इसलिए बेंच अधिक होने चाहिए। सफाई व्यवस्था को लेकर अस्पताल प्रबंधन को यहां शाबासी मिली। टीम ने एसएनसीयू वार्ड का दौरा कर जल्द 7 इनक्यूवेटर को कनेक्ट करने के दिए, ताकि नवजातों को बेहतर सेवाएं मिल सके। इस मौके पर उनके साथ डॉ. सुखदीप कौर भी रही।
टीम को इमरजेंसी वार्ड में मिला एक्सपायरी डेट का इंजेक्शन...
निरीक्षण के लिए पहुंची टीम को इमरजेंसी वार्ड में निरीक्षण के दौरान एक एक्सपायरी डेट का इंजेक्शन मिला। इंजेक्शन दर्द को कम करने वाला था। टीम ने इस बारे में अस्पताल प्रबंधन से पूछताछ की और फटकार लगाई। टीम ने तुरंत प्रभाव से प्रबंधन को निर्देश दिए कि वो वार्ड में रखे सभी इंजेक्शन बदल दें।