समालखा। समालखा सिविल अस्पताल समालखा में तैनात खंड विस्तार शिक्षक पर 8.78 लाख रुपये का गबन करने का आरोप लगा है। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी ने उच्चाधिकारियों के आदेश पर उनके खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। शिकायत पर पुलिस ने मामले में आरोपी पर केस दर्ज कर लिया है। वहीं डायरेक्टर ने आरोपी कर्मचारी को निलंबित कर दिया है।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय आंतिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि समालखा अस्पताल में इसराना निवासी यशपाल खंड विस्तार शिक्षक के पद पर तैनात है। जिसने सरकारी राशि 107890 रुपये की राशि विभागीय खाते में जमा नहीं करवाई। इसके बाद कर्मचारी से पत्राचार किया। पत्राचार के बाद कर्मचारी ने 17 जुलाई 2022 को यूजर मनी की दो लाख रुपये सरकारी खाते में जमा करा दिए। अब कर्मचारी के तरफ यूजर मनी की राशि 8.78 लाख रुपया बकाया है। जोकि कर्मचारी सरकारी खजाने में जमा नहीं करवा रहा है। ऐसे में उच्चाधिकारियों को इस मामले से अवगत कराया गया। अब उन्होंने महानिदेशक व सिविल सर्जन पानीपत के आदेशानुसारखंड विस्तार शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए थाना प्रभारी को पत्र लिखा था।