ये था मामला
सोनीपत के भावड़ गांव निवासी पाल सिंह ने बताया कि उनका परिवार सोनीपत के रामनगर में रहता है। उनके रिश्तेदार नौल्था गांव निवासी सतपाल के बेटे अमन की शादी थी। बीते सोमवार को उसकी बारात गई थी। जिसमें शामिल होने के लिए वह अपनी पत्नी ओमवती, बेटे संदीप, पुत्रवधू, पोती विधि और 10 माह के पौत्र के साथ शामिल होने के लिए आए थे।
सोमवार को करीब डेढ़ बजे बारात नौल्था गांव से रवाना हुई थी। वह और बेटा संदीप बारात में चले गए। कुछ ही देर बाद फोन पर सूचना मिली कि विधि गायब हो गई है और वह मिल नहीं रही। इसके बाद बच्ची की तलाश शुरू की गई। करीब एक घंटे के बाद उनकी पत्नी ओमवती शादी वाले घर में पहली मंजिल पर स्टोर रूम के पास पहुंची। स्टोर रूम का कुंडा लगा हुआ था। उन्होंने दरवाजा खोलकर देखा तो कमरे में अंदर रखे पानी के टब में विधि का सिर डूबा हुआ था और उसके पांव जमीन थे। तुरंत ही विधि को पानी से बाहर निकाला।
इसी बीच बच्ची को एनसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची के दादा पाल सिंह ने आरोप लगाए थे कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने पानी में डुबोकर बच्ची की हत्या की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला मृतक बच्ची की रिश्ते में चाची बताई जा रही है।