पानीपत। शैक्षणिक सत्र 2025-26 से राज्य स्तर पर हरियाणा गणित ओलंपियाड का शुभारंभ होगा। जनवरी में होने वाली गणित ओलंपियाड परीक्षाके लिए जिले में तैयारियां तेज कर दी हैं।
गणित ओलंपियाड के लिए उच्च स्तरीय प्रश्न–पत्र और अभ्यास सामग्री तैयार करने के लिए जिलेभर के 20 श्रेष्ठ गणित शिक्षकों की एक विशेष कोर टीम बनाई है। यह टीम छात्रों की कक्षावार क्षमता को ध्यान में रखते हुए असाइनमेंट और टेस्ट तैयार करेगी जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्ता आधारित अध्ययन सामग्री प्राप्त हो सके।
जिला गणित विशेषज्ञ रणबीर सिंह ने बताया कि छात्रों को नवंबर की शुरूआत से ही प्रत्येक सोमवार को अभ्यास सेट दिया जा रहा है। यह सेट छात्रों को ओलंपियाड में आने वाले प्रश्नों के प्रकार और स्तर से परिचित कराने में मदद करता है। सोमवार को भी शिक्षकों की कोर टीम द्वारा तैयार असाइनमेंट सभी स्कूलों में भेजे गए हैं। प्रत्येक शनिवार को परीक्षाएं आयोजित की जा रही है। ये परीक्षाएं छात्रों की तैयारी का आकलन करेंगी और उनके समस्या-समाधान कौशल को बेहतर बनाने के लिए नियमित प्रतिक्रिया प्रदान करेंगी। गणित ओलंपियाड परीक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को प्रतिदिन ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
ओलंपियाड की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को लेवल–1 में कक्षा छठी से नौवीं व लेवल–2 में कक्षा 10वीं से 12वीं के स्तर में बांटा गया है। दोनों स्तरों के लिए तैयार किए गए असाइनमेंट प्रत्येक सोमवार जिले के सभी स्कूलों को भेजे जाएंगे, ताकि विद्यार्थी नियमित अभ्यास कर सकें।