पानीपत। आर्य कॉलेज के जनसंचार विभाग की ओर से इंटर कॉलेज मीडिया कंपीटिशन का आयोजन करवाया गया। इसमें न्यूज रीडिंग, रिपोर्टिंग, फोटोग्राफी, फोटो कैप्शन राइटिंग जैसी प्रतियोगिताएं कराई गईं। आयोजन में करनाल, रोहतक व पानीपत के विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। न्यूज रीडिंग में हर्षिता, रिपोर्टिंग में वनिता और कैप्शन राइटिंग में जाह्नवी अव्वल रहीं।
इस मौके पर प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं जनसंचार के विद्यार्थियों के लिए प्रैक्टिकल सीखने का बहुत अच्छा जरिया हैं। विद्यार्थियों को इन प्रतियोगिताओं से मीडिया में किस तरह से काम किया जाता है, की जानकारी मिलती है। जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश गाहल्याण ने बताया कि विभाग द्वारा समय-समय पर विद्यार्थियों के लिए कार्यशालाएं, विस्तार व्याख्यान, सेमिनार व इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई जाती हैं। इस मौके पर कॉलेज के प्राध्यापकों ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार बांटकर सम्मानित किया। आयोजन में डॉ. रितु मढ़ाढ, प्रो. संदीप जोशी, विवेक शर्मा, डॉ. सोनिया सोनी, डॉ. कंचन प्रभाती, प्रो. आस्था गुप्ता व प्रो. पंकज चौधरी आदि मौजूद रहे।
फोटोग्राफी में करनाल के अजय रहे प्रथम
फोटोग्राफी प्रतियोगिता : पं. चिरंजी लाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय करनाल के छात्र अजय प्रथम रहे।, डीएवी पीजी कॉलेज करनाल के आकाश द्वितीय, आर्य पीजी कॉलेज के अनुराग मिश्रा तृतीय रहे। ऑल इंडिया जाट हीरोज मेमोरियल कॉलेज रोहतक के कमल को सांत्वना पुरस्कार मिला।
न्यूज रीडिंग में आर्य कॉलेज की हर्षिता प्रथम रहीं। ऑल इंडिया जाट हीरोज मेमोरियल कॉलेज रोहतक की निधि द्वितीय और पं. चिरंजी लाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय करनाल की साक्षी तृतीय रहीं। डीएवी पीजी कॉलेज करनाल की छात्रा कनिका को सांत्वना पुरस्कार मिला।
रिपोर्टिंग में आर्य कॉलेज की छात्रा वनिता अव्वल रहीं। पं. चिरंजी लाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय करनाल की साक्षी द्वितीय और ऑल इंडिया जाट हीरोज मेमोरियल कॉलेज रोहतक के रोहित तृतीय रहे। डीएवी पीजी कॉलेज करनाल की शालिनी को सांत्वना पुरस्कार मिला।
फोटो कैप्शन राइटिंग में आर्य कॉलेज की छात्रा जाह्नवी प्रथम रहीं। ऑल इंडिया जाट हीरोज मेमोरियल कॉलेज रोहतक के जतिन द्वितीय और पं. चिरंजी लाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय करनाल के अजय तृतीय रहे। डीएवी पीजी कॉलेज करनाल के आकाश को सांत्वना पुरस्कार मिला।