संवाद न्यूज एजेंसीपानीपत। सरकारी स्कूलों में कक्षा तीसरी से 12वीं तक के विद्यार्थियों की अर्धवार्षिक परीक्षाएं अब 25 सितंबर से शुरू होंगी। शिक्षा विभाग ने संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षाएं 8 अक्तूबर तक चलेंगी। इससे पहले इन्हें 21 सितंबर से शुरू किया जाना प्रस्तावित था। संशोधित शेड्यूल जारी होने के बाद स्कूलों में परीक्षा की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
तीसरी से पांचवीं तक चार विषयों की परीक्षा : कक्षा तीसरी से पांचवीं तक की परीक्षाएं चार विषयों में होंगी। तीसरी कक्षा में 25 सितंबर को अंग्रेजी, 28 को हिंदी, 30 को गणित और तीन अक्तूबर को ईवीएस की परीक्षा होगी।
चौथी कक्षा में ईवीएस, गणित, अंग्रेजी और हिंदी तथा पांचवीं में अंग्रेजी, हिंदी, ईवीएस और गणित की परीक्षाएं क्रमश: 25, 28, 30 सितंबर और तीन अक्तूबर को होंगी।
कक्षा 11वीं में विषय संयोजन के अनुसार अलग-अलग परीक्षा कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। अंतिम परीक्षा आठ अक्तूबर को संस्कृत, पंजाबी, उर्दू, शारीरिक शिक्षा, ओएसएस और इंटरप्रेन्योरशिप विषयों की होगी। वहीं, 12वीं की परीक्षाएं छह अक्तूबर तक पूरी हो जाएंगी।
राज्य, राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के कारण परीक्षा से वंचित रहने वाले विद्यार्थियों की परीक्षा बाद में कराई जा सकेगी। शिक्षा विभाग ने स्कूलों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
पुनरावृत्ति पर जोर, विद्यार्थियों को दी जा रही जानकारी :
स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों को कक्षा और विषय के अनुसार परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी दी जा रही है। शिक्षक पाठ्यक्रम की पुनरावृत्ति कराने पर भी जोर दे रहे हैं, ताकि विद्यार्थी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकें।
छठी से 10वीं तक विषयवार परीक्षा
कक्षा छठी से आठवीं तक की परीक्षाएं 25 सितंबर से पांच अक्तूबर तक चलेंगी। इनमें हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के अलावा संस्कृत, पंजाबी, उर्दू, गृह विज्ञान, कृषि, चित्रकला और संगीत आदि विषय शामिल हैं।
कक्षा नौवीं और दसवीं की परीक्षाएं भी 25 सितंबर से शुरू होंगी। दोनों कक्षाओं में मुख्य विषयों के साथ एनएसक्यूएफ, शारीरिक शिक्षा, चित्रकला, संगीत, कृषि, गृह विज्ञान और कंप्यूटर साइंस की परीक्षाएं भी होंगी। दोनों कक्षाओं की अंतिम परीक्षा छह अक्तूबर को होगी।
संशोधित शेड्यूल के अनुसार ही परीक्षाएं आयोजित कराई जाएंगी। स्कूलों को परीक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। - राकेश बूरा, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत