किला मैदान में जानकारी लेते मेयर कोमल सैनी। स्रोत : कार्यालय
पानीपत। नगर निगम ने मकानों में आई दरार के बाद किला के गुड़मंडी स्थित काली माता मंदिर की गली के क्षेत्र को असुरक्षित घोषित कर दिया है। निगम ने आठ लोगों को नोटिस जारी कर मकान तुरंत खाली करने और सात दिन में क्षतिग्रस्त को हटाने के आदेश दिए हैं।
नगर निगम के नोटिस देने के बाद स्थानीय लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। इन सबके बीच किला मैदान पर नगर निगम और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की जांच चलती रही। प्रथम दृष्टया में पेयजल और सीवर लाइन लीकेज सामने आई है। निगम ने इसका कनेक्शन दूसरी लाइन से जोड़ दिया है। मेयर कोमल सैनी ने शाम को मौका मुआयना किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना में मकान बनवाने का भरोसा दिया है।
वार्ड-नौ के अंतर्गत किला मैदान जैन मोहल्ला के गुड़मंडी बाजार की काली माता मंदिर की गली के चार घराें में नींव से लेकर ऊपर तीन मंजिल तक दीवारों में दरार आई है। महेश के मकान में सबसे ज्यादा दरार आई है। नगर निगम के एक्सईएन गोपाल कलावत ने सोमवार सुबह मौका देखा।
उन्होंने स्थानीय लोगों से बात की। महेश, नीलम और अशोक ने बताया कि पेयजल और सीवर लाइन लीकेज के चलते मकानों में दरार आई है। उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बात की। जेई शिवम की अगुवाई में टीम ने पूरा दिन कनेक्शन की जांच की।