संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। दुर्गा कॉलोनी स्थित चंदन बाल विकास पब्लिक स्कूल में पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कक्षा सातवीं से दसवीं तक के विद्यार्थियों में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। गुलाब सदन ने प्रथम , कमल सदन ने द्वितीय तथा सूरजमुखी सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सर्वप्रथम प्राथमिक स्तर की कक्षा नर्सरी से तीसरी तक के बच्चों में पृथ्वी दिवस की जानकारी देने के लिए ग्रीन डे मनाया गया। विद्यालय के छोटे बच्चे हरे रंग की पोशाक पहनकर विद्यालय पहुंचे। पृथ्वी को प्रदूषण से बचाने के लिए साथ ही अपना जीवन सुरक्षित रखने के लिए छोटे-छोटे बच्चों ने बहुत ही प्रेरित संदेश दिए।
इनमें पेड़ लगाने पृथ्वी बचाओ, पृथ्वी बचाओ जीवन बचाओ, जल ही जीवन है तथा स्वच्छ धरती स्वस्थ जीवन जैसे प्रेरक स्लोगन शामिल थे। इसके बाद कक्षा चौथी से छठी तक के विद्यार्थियों ने पृथ्वी दिवस के लिए कार्ड बनाएं। बच्चों ने हर एक कार्ड के द्वारा अपनी प्रतिभा को प्रस्तुत करने का प्रयास किया। स्कूल चेयरमैन नरेश, स्कूल प्रधानाचार्य नीलम ने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें उनकी प्रतिभा के लिए सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।