पानीपत। जीआरपी ने टीटीई पर छेड़छाड़ के मामले में शिकायतकर्ता जम्मू की युवती को नोटिस जारी किया है। जीआरपी ने उनको एक सप्ताह का समय दिया है। जम्मू की नौ युवतियां 29 दिसंबर को झेलम एक्सप्रेस में सामान्य टिकट पर एसी कोच में यात्रा कर रही थीं।
समालखा स्टेशन के पास टिकट जांच के दौरान टीटीई द्वारा टिकट मांगने पर महिलाओं ने हंगामा किया, जिससे अन्य यात्रियों को परेशानी हुई। बाद में एक युवती ने अंबाला कैंट जीआरपी थाने में टीटीई विनोद के खिलाफ छेड़छाड़ के आरोप लगा शिकायत दी थी। जीआरपी अंबाला ने जीरो प्राथमिकी दर्ज कर पानीपत जीआरपी को भेज दी थी। जीआरपी ने प्राथमिक दर्ज कर ली थी, इसमें टीटीई के बयान दर्ज किए थे।
उन्होंने छेड़छाड़ के आरोपों को निराधार बताया था। उल्टा युवतियों पर ही बिना टिकट ट्रेन में सफर करने और टिकट मांगने पर हंगामा करने के आरोप लगाए थे। जीआरपी ने युवती के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। जीआरपी ने युवती को कई बार फोन कर बुलाया लेकिन वे बयान दर्ज कराने नहीं पहुंची। जीआरपी ने अब युवती को नोटिस जारी किया है।
जीआरपी थाना प्रभारी धर्मपाल ने बताया कि युवती को कानूनी प्रक्रिया के तहत नोटिस भेजा गया था और बयान दर्ज कराने के लिए पर्याप्त समय भी दिया गया था। यदि कोई व्यक्ति शिकायत दर्ज कराता है तो जांच में सहयोग करना भी आवश्यक होता है, ताकि मामले का सही निष्कर्ष निकाला जा सके। संवाद