07 सीवन। हलका विधायक देवेंद्र हंस व उपस्थित अन्य गणमान्य लोग। संवाद
सीवन। हलका विधायक देवेंद्र हंस ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा सरकार किसानों, मजदूरों और गरीब वर्ग के साथ विश्वासघात कर रही है। जहां एक ओर प्रदेश में बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त है, वहीं सरकार केवल कागजों में राहत दिखाकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रही है। कई गांवों के खेत पानी में डूबे हैं व उन किसानों की फसले चौपट हो चुकी हैं, लेकिन मुआवजे की कोई ठोस घोषणा तक नहीं की गई।
हलका विधायक देवेंद्र हंस ने ब्लॉक सीवन के गांव खरकां में कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके अनाज उपजाता है, लेकिन जब उसके खेत में पानी भरकर फसल बरबाद हो जाती है तो सरकार के जिम्मेदार अफसर और मंत्री मौन साध लेते हैं। यह सरकार किसान विरोधी है और इसके रवैये से साफ है कि किसानों की पीड़ा किसी को दिखाई ही नहीं देती। विधायक ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस से लेकर सब्जियों और खाद्य सामग्री तक हर चीज आम परिवार की पहुंच से बाहर होती जा रही है। बेरोजगारी चरम सीमा पर है, युवा दर-दर भटक रहे हैं लेकिन सरकार के पास न नई भर्तियों की योजना है और न ही कोई ठोस नीति। भ्रष्टाचार ने पूरे तंत्र को खोखला कर दिया है। विधायक ने कहा कि यदि सरकार किसानो को फौरन मुआवजा, बेरोजगारों को रोजगार और जनता को राहत देने में नाकाम रहती है तो सड़क से लेकर सदन तक जनआंदोलन छेड़ा जाएगा। इस अवसर पर उनके साथ नंदलाल मित्तल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संवाद
-