पानीपत। भगत सिंह मार्केट (किन्नर भवन के पास) में शनिवार दिनदहाड़े दो अज्ञात युवकों ने एक महिला को सम्मोहित कर सोने के आभूषण, मोबाइल और नकदी छीन ली। वारदात के समय पीड़िता लाल बत्ती चौक से पैदल अपने घर लौट रही थी। शिकायत मिलने पर पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
इंदिरा कॉलोनी के सुनेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे वह लाल बत्ती चौक से पैदल अपने घर आ रही थी। भगत सिंह मार्केट में किन्नर भवन के पास पीछे से आए दो अज्ञात युवकों ने उन्हें अपनी बातों में उलझा लिया और एकांत में ले जाकर कथित तौर पर सम्मोहित कर दिया। इसके बाद उन्होंने उससे 2.5 ग्राम के कान के झुमके, 1.5 ग्राम की सोने की जूतियां, दो ग्राम का मंगलसूत्र, 1500 रुपये नकदी, पहचान पत्र और मोबाइल फोन ले लिया और भाग गए। पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी अरविंद ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। ब्यूरो