पानीपत। ठगों ने एक युवती से कानूनी कार्रवाई के नाम पर डराकर 99400 रुपये की ठगी कर ली। युवती को ठग ने कॉल कर कहा था कि उसके नाम पर अवैध पार्सल आया है। इसलिए उस पर कार्रवाई हो सकती है। युवती डर कर ठगों के बहकावे में आ गई और उनके खाते में राशि ट्रांसफर कर दी। युवती के पिता ने साइबर अपराध पुलिस थाना में इस घटना की शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।
बिशन स्वरूप कॉलोनी निवासी लक्ष्मी नारायण ने बताया कि 27 जून 2023 को उसके बेटी के मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने चारुल को धमकाते हुए कहा कि उसके नाम एक पार्सल आया है। पार्सल में काफी महंगा सामान और अवैध है। इसलिए उस पर व उसके परिवार पर कार्रवाई हो सकती है। अगर कार्रवाई से बचना है कि उनके खाते में 54400 रुपये भेज दें। चारुल ने डर कर यह पैसे उनके पास भेज दिए। कुछ दिन बाद दोबारा फिर उसके पास कॉल आई और इस बार 45 हजार रुपये की मांग की। उसने यह पैसे भी उसे भेज दिए। चारुल ने उसे आपबीती बताई। इसके बाद उसने इसकी शिकायत साइबर अपराध थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।