एकता विहार कॉलोनी के सामने और देशवाल चौक के पास एक युवक और एक युवती नहर में गिर गए। अब तक दोनों का सुराग नहीं लगा है। पुलिस और परिजन दोनों की तलाश में जुटे हैं। युवती जहां नहर पर कपड़े धोते हुए नहर में गिरी वहीं युवक दोस्तों के साथ घूमने गया था। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
सुभाष निवासी एकता कॉलोनी ने बताया कि उसकी 20 वर्षीय बेटी पिंकी शादीशुदा है और 2 माह से उनके पास ही रह रही है । वीरवार को वह कपड़े धोने के लिए नहर पर गई थी । काफी देर तक घर नहीं आई तो उसकी पत्नी नहर पर उसे देखने गई । जहां लोगों ने उसे बताया कि जो लड़की पर कपड़े धो रही थी । वह नहर में गिर गई है। इसके बाद पिंकी का कोई सुराग नहीं लगा है ।
उधर, यूपी के जिला शाहजहांपुर के गांव गुंदनी निवासी गिरिजा शंकर ने बताया कि वो गणेश कॉलोनी में किराए पर रहते है। उसका 22 वर्षीय साला पीलीभीत निवासी कुलदीप उनके घर आया था। वीरवार को वह अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए नहर पर गया था। इस दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गया । उसके दोस्तों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी । परिजन गोताखोरों की सहायता से उसे खोज रहे हैं । नहर में पानी ज्यादा होने के कारण अब तक कुलदीप का कोई सुराग नहीं लगा ।