पानीपत। सलारगंज गेट के पास दंत चिकित्सक के पास इलाज कराने पहुंची बुजुर्ग महिला को दो युवक और एक महिला ने सम्मोहित कर ठग लिया। आरोपी खाना खाने के रुपये मांगने के बहाने आए और महिला की अंगूठी व बालियां उतरवा लीं। इसके बाद एक रुमाल में गांठ बांधकर देकर चले गए। महिला ने रुमाल खोला तो उसमें गहनों की जगह सिक्के मिले। इसके बाद महिला ने शहर थाना पुलिस को शिकायत दी।
करनाल के कोहंड निवासी निर्मला देवी (55) ने बताया कि वह बुधवार को वह सलारगंज गेट के पास एक दंत चिकित्सक के पास दांतों के इलाज के लिए आई थी। दोपहर करीब दो बजे जब वह अस्पताल से बाहर निकली तो वहां एक महिला व दो युवक उसके पास आए। उन्होंने खाना खाने के लिए 100 रुपये की मांग की। बातों ही बातों में उसे सम्मोहित कर दिया। उन्होंने उसके दोनों हाथों की अंगुलियों से एक-एक सोने की अंगूठी, कानों से सोने की बालियां निकाल ली। इससे पहले ही वह कुछ समझ पाती, ठगों ने उसे एक रुमाल दिया और कहा कि तुम्हारा सामान इसमें हैं। बातों ही बातों में आरोपी मौके से चले गए। काफी देर बाद होश में आई। उसने रुमाल चेक किया तो देखा कि उसमें कुछ सिक्के थे।
किला थाना गई, वहां से शहर थाने में भेजा
पीड़िता ने बताया कि उसने आस-पड़ोस के लोगों से आरोपियों के बारे में पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद किसी ने कहा कि वारदात का संबंधित थाना किला थाना लगता है, वह थाने गई तो वहां से उसे शहर थाना भेज दिया गया। जहां पर उसने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी। इस पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
महिला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ 328, 379 और 34 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - इंस्पेक्टर सुनील कुमार, शहर थाना प्रभारी