पानीपत। कूड़ा निस्तारण में फेल होने पर अब जेबीएम एजेंसी ने कूड़ा कलेक्शन समेत शहर के तीनों सेकेंडरी प्वाइंट से कूड़ा उठाने का काम आयुषी हाइजीन एंड केयर एजेंसी को सबलेट कर दिया है। पांच दिन से बंद कूड़ा उठान नई एजेंसी ने शुरू कर दिया है। शहर के तीन सेकेंडरी प्वाइंट से कूड़ा उठाकर सोनीपत स्थित वेस्ट टू एनर्जी सोनीपत प्लांट भेजा जा रहा है। हालांकि डोर टु डोर कूड़ा कलेक्शन पूरे शहर में नहीं हो सका।
आयुषी एजेंसी ने शहर के 26 वार्डों और सेकेंडरी प्वाइंट से कूड़ा उठाने को लेकर 207 वाहन मंगवा लिए हैं। इनके मेंटनेंस और कागजातों पर काम किया जा रहा है। एजेंसी का दावा है कि आने वाले एक सप्ताह में शहरवासियों को परिणाम दिया जाएगा। इसके साथ ही एजेंसी ने एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है, जिस पर लोग कूड़ा कलेक्शन नहीं होने पर शिकायत कर सकते हैं। ्र
- अब इस तरह होगी सफाई
आयुषी एजेंसी 26 वार्डों से छोटे वाहनों से कूड़ा उठाकर सेक्टर-25, कृपाल आश्रम और महराणा के डंपिंग स्टेशन पर डालेगी। यहां से बड़े वाहन कूड़े को सोनीपत के प्लांट तक पहुंचाएंगे। इसके अलावा शहर से कूड़े की ढेरियों को उठाने का काम चार जोन में सफाई का टेंडर लेने वाली दूसरी एजेंसियों के पास ही रहेगा। ये एजेंसियां तीनों डंपिंग स्टेशन पर कूड़ा डाल सकती हैं। जिसे आयुषी एजेंसी सोनीपत लेकर जाएगी। इस काम के लिए एजेंसी ने 75 टाटा एएस, 10 ट्रैक्टर, 100 रिक्शा, 15 डंपर, छह जेसीबी और एक पोकलेन मशीन मंगवा ली है।
एक सप्ताह में देंगे परिणाम : एजेंसी
शहर में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन और सेकेंडरी प्वाइंट से कूड़ा उठाने का काम शुरू कर दिया है। शुरुआत में नया काम करने में काफी चुनौती जरूर आती है लेकिन एक सप्ताह में काम सिरे चढ़ जाएगा। इसके बाद शहरवासियों को सफाई का परिणाम दिया जाएगा।
- शीशपाल राणा, डायरेक्टर, आयुषी हाइजीन एंड केयर।