पानीपत। समालखा में घी एवं तेल व्यापारी राजकुमार की हत्या करने वाले बदमाश दीपक उर्फ कुकू की तीन दिन की रिमांड मंगलवार को खत्म हो गई। पुलिस ने मंगलवार को उसे दोबारा कोर्ट में पेश कर सात मार्च तक फिर से रिमांड पर लिया है। इस दौरान दीपक उर्फ कुकू से खुलासा हुआ कि वह सोनीपत डबल मर्डर में जेल में बंद गैंगस्टर नवीन भैसवाल के गैंग से जुड़ा है। वारदात को अंजाम देने के लिए वह नवीन से हथियार और कारतूस लेकर आया था।
कुकू ने पुलिस को बताया कि वह सोनीपत, रोहतक और जींद की वारदातों में वांछित आरोपी था। पुलिस उसे ढूंढ रही थी, इसलिए वह छिपकर रह रहा था। उसके पास कोई आय का साधन नहीं था। इस वजह उसने घी व्यापारी राजकुमार से लूटपाट की योजना बनाई। वह राजकुमार की हत्या नहीं करना चाहता था, लेकिन राजकुमार ने विरोध कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। पकड़े जाने के डर से उसने गोली चलाई और फरार हो गया।
बदमाश दीपक उर्फ कुकू ने बताया कि लूटे गए बैग में कुल 70 हजार रुपये मिले थे। इसमें से उसने छात्र वंश और अंशुल को पांच-पांच हजार रुपये दिए थे। तीसरे आरोपी प्रशांत को 10 हजार रुपये दिए थे। बाकी बचे हुए 50 हजार रुपये खुद रख लिए। इनमें से आरोपी ने 40 हजार रुपये खाने-पीने और फरारी काटने में खर्च कर दिए। बचे हुए 10 हजार रुपयों को सीआईए-1 ने बरामद कर लिया। वहीं पुलिस ने राजकुमार का पैन कार्ड भी आरोपी के पास से बरामद किया गया।
गैंगस्टर नीरज भैसवाल को प्रोडक्शन वारंट पर लाएगी सीआईए
बदमाश दीपक उर्फ कुकू से पूछताछ में हुए खुलासे के बाद सीआईए-1 जेल में बंद नीरज भैसवाल को प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी में जुट गई है। एक से दो दिन में उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी कि आखिर वह हथियार कहां से लेकर आया था।
यह था मामला : माता पुली रोड, समालखा में चार जनवरी को घी व तेल व्यापारी राजकुमार दिनभर की कमाई को इकट्ठा कर घर लौट रहे थे। घर के नजदीक पहुंचने पर बदमाश ने पिस्तौल से गोली मार रुपयों से भरा बैग और मोबाइल छिनकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर वह तुरंत मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ पिता को अस्पताल लेकर गए तो डॉक्टरों ने उसके पिता को मृत घोषित कर दिया था। मामले में पुलिस तीन आरोपी प्रशांत, वंश और अंशुल को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं बदमाश दीपक को फरारी के दौरान पनाह देने वाले उसके मौसा को भी जेल भेज चुकी है।