संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। रेलवे लाइन किनारे ओवरब्रिज के नीचे जगह-जगह जुए, सट्टा-खाईवाली के अड्डे बन गए हैं। जुआरी इतने आदी हो चुके है, कि इन्हें गंदगी और इससे आने वाली बदबू से भी कोई फर्क नहीं पड़ता। अक्सर इनके बीच गालीगलौज और झगड़ा होता है, जिससे राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जीआरपी के जवान इससे बेखबर हैं।
असंध रोड और गोहाना रोड ओवरब्रिज के नीचे सुबह ही ताश की गड्डी लेकर जुआरी पहुंच जाते हैं। दिनभर तीन पत्ती जैसे खेल चलते हैं। लोग रोजाना हजारों का जुआ खेलते नजर आते हैं। असंध रोड ओवरब्रिज के नीचे रेलवे लाइन के पास पानी भरा होने के बावजूद जुआरी टस से मस नहीं होते।
गोहाना रोड ओवरब्रिज के नीचे लोग आसपास की कॉलोनियों का कूड़ा डालते हैं। इस डंपिंग प्वाइंट पर दुर्गंध इतनी ज्यादा होती है कि दो मिनट से ज्यादा खड़े रह पाना भी मुश्किल हो जाता है, लेकिन जुआरी दिनभर यहां नहले पे दहला फेंकते दिखते हैं। दिन ढलते ही कुछ जुआरी यहां शराब पीकर हंगामा करते हैं।
किशनपुरा की रेखा ने बताया कि 8 मरला चौकी के पास अंडरपास बंद पड़ा है। कुछ काम हो तो मजबूरन रेलवे लाइन क्रॉस करके ही दूसरी तरफ जाना पड़ता है। दिन में जुआरी आपस में गाली-गलौज करते रहते है, वहीं शाम होते ही नशेड़ी जमावड़ा लगा लेते है। अगर कोई महिला गुजरे तो उस पर फब्तियां कसनी शुरू कर देते हैं।
गश्त के दौरान कुछ बुजुर्ग पार्क में ताश खेलते दिख जाते थे। यहां जुआ चलता है, इसकी कोई जानकारी नहीं है। ओवरब्रिज के आस-पास गश्त बढ़ा दी जाएगी। कोई जुआ खेलते मिला तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - सूरतपाल थाना प्रभारी जीआरपी