पानीपत। हरियाणा भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की कन्यादान योजना में फर्जीवाड़ा सामने आया है। संदेह होने पर अधिकारियों ने विवाह पत्र के क्यूआर कोड को स्कैन किया तो फर्जी आवेदन की पोल खुल गई। आवेदक से संपर्क करने पर मामले की तह तक जाने की कोशिश की तो आरोपियों ने फोन स्वीच ऑफ कर लिए। अब थाना शहर पुलिस ने आरोपी आवेदक, एजेंट सहित चार के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
हरियाणा भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सर्कल के सहायक निदेशक ने बताया कि पिछले कुछ समय से श्रमिकों के लिए शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं के तहत फर्जी आवेदन आ रहे है। कार्यालय के कर्मचारियों ने आवेदन में फर्जीवाड़ा होने की आशंका जताई तो हर आवेदन की जांच होने लगी। वेबसाइट से आए जयचंद निवासी मुल्तान कॉलोनी उझा के आवेदन की जांच की। आवेदक ने बेटी नेहा के विवाह उपरांत कन्यादान योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया था। विवाह पत्र क्यूआर कोड स्कैन किया और ई-दिशा पोर्टल पर जांच की तो विवाह प्रमाणपत्र के फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। पुलिस ने आवेदक जयचंद निवासी मुल्तान कॉलोनी, एजेंट देवी शर्मा निवासी न्यू सिद्धार्थ नगर, सरोज निवासी नुरपुर गढ़ी, अमित के खिलाफ केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी एसआई धर्मबीर ने बताया कि जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।