पानीपत। सेक्टर-25 बाईपास रोड स्थित एक देसी दवाखाना से चार साल की बच्ची संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गई। पिता ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस को दवाखाना में सामान बिखरा मिला। इसके बाद बच्ची का पिता भी फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चांदनीबाग थाना और सीआइए-2 के प्रभारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस की छह टीमों ने बच्ची की तलाश करने में लगी हैं। हुआ यूं कि थाना चांदनी बाग क्षेत्र में पुलिसकर्मी सोमवार अल सुबह राइडर पर गश्त कर रहे थे। सेक्टर-25 बाईपास रोड पर देसी दवाखाना से एक व्यक्ति बाहर निकला। उसने अपना नाम राजू बताया। उसने कहा कि उसकी पत्नी अनबन के चलते जयपुर रह रही है। वह अपनी चार साल की बेटी के साथ पानीपत में रहकर देसी दवाखाना चला रहा है। वह और उसकी बेटी रविवार रात को झुग्गी में सो रहे थे। वह सोमवार सुबह उठा तो उसकी बेटी नहीं मिली। पुलिसकर्मियों ने झुग्गी में देखा तो वहां सामान बिखरा हुआ था। उन्होंने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। थाना चांदनीबाग के प्रभारी राकेश शर्मा व सीआईए-2 के प्रभारी संदीप कुमार मौके पर पहुंचे। राजू कुछ देर बार मौके से भाग निकला। पुलिस ने तलाश किया तो वह कुछ दूरी पर नशे की हालत में मिला। उसने पुलिस को बताया कि उसको अपनी पत्नी पर बच्ची को ले जाने का शक है। पुलिस जांच कर रही थी। इस बीच बच्ची का पिता भी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
वर्जन
पुलिस को देसी दवाखाना से एक बच्ची के लापता होने की सूचना मिली है। थाना व सीआईए-टू की टीम बच्ची की तलाश कर रही हैं। यहां सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस जल्द ही बच्ची को तलाश लेगी।
राकेश कुमार, प्रभारी, थाना चांदनी बाग पुलिस।