इसराना। एमडी संदीप कुमार ने शनिवार को गन्ना विभाग के अधिकारियों के साथ चीनी मिल स्थित केन यार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने ट्राॅलियों में लदे गन्ने की जांच की। यार्ड में खड़ी चार ट्राॅलियों में गन्ना खराब मिला। एमडी ने चारों किसानों की ट्राॅलियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया।
एमडी संदीप कुमार पेराई शुरू होने के दूसरे दिन यार्ड में पहुंचे। उन्होंने किसानों से बात कर समस्याओं की जानकारी ली। इसके साथ ट्रॉलियाें में गन्ने की जांच की। उन्होंने बताया कि रविवार को मिल को 35 हजार क्विंटल, सोमवार को 42 हजार क्विंटल और मंगलवार को पूरे 50 हजार क्विंटल क्षमता के लोड पर चलाया जाएगा। इसी तरह से 28 मेगावाट की टरबाइन का लोड भी तीन-चार दिन में धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा। एमडी संदीप ने कहा कि चारों ट्राॅलियों में गोला व पत्ती ज्यादा मिली हैं। शुगर मिल में गोला व पत्ती रहित साफ सुथरा गन्ना लेकर आएं और चेतावनी के बाद फिर भी कोई किसान साफ सुथरा गन्ना लेकर नहीं आएगा तो उसका बॉन्ड बंद कर दिया जाएगा। मौके पर चीफ इंजीनियर राजकुमार, चीफ केमिस्ट बीएस हुड्डा, डिप्टी चीफ इंजीनियर रवि मान, कार्यवाहक गन्ना प्रबंधक कर्मबीर मिटान, सीडीओ विनय कुमार व पीए विजय राठी मौजूद रहे।