पानीपत। रजापुर गांव रोड स्थित एक ठेकेदार ने अपने 10-12 साथियों के साथ मिलकर फैक्ट्री के चार सुरक्षाकर्मियों पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। इसमें सभी सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। दरअसल इन सुरक्षाकर्मियों ने ठेकेदार को फैक्ट्री से मिट्टी की चोरी करने से रोक दिया था। अब उद्यमी ने इन सभी आरोपियों के खिलाफ सदर थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों पर केस दर्ज कर इनकी धरपकड़ शुरू कर दी है।
मॉडल टाउन निवासी उद्यमी लखविंद्र रजापुर गांव रोड पर श्री राम कॉलेज के पास उसकी जीएस एक्सपोर्ट के सामने से फैक्ट्री है। वह इस फैक्ट्री के साथ ही दूसरी फैक्ट्री का निर्माण कार्य करवा रहा है। उसने ठेकेदार रिंकू पाल को मिट्टी खुदाई का काम ठेके पर दे रखा है। रिंकू ने शनिवार शाम छह बजे काम कर दिया। उसके पास फैक्ट्री के गार्ड बिजेंद्र की कॉल आई। बिजेंद्र ने बताया कि रिंकू पाल अपने दोनों ट्रैक्टर-ट्राली में मिट्टी भरकर चोरी कर ले जा रहा है। उसने रिंकू पाल को ऐसा करने से रोका। वह फैक्ट्री में मिट्टी से भरी ट्राली ले आया और गार्ड ने प्लॉट में मिट्टी डलवा ली। कुछ देर बाद रिंकूपाल व उसका चालक 10-12 लोगों को यहां लेकर आया। यह सब लाठियों से लैस थे। यह सभी फैक्ट्री में घुस गए और उसकी फैक्ट्री के सुरक्षाकर्मी सौरभ निवासी डाबर कॉलोनी, ओमपाल , मोनू निवासी दीनानाथ कॉलोनी, बिजेंद्र सिंह निवासी गाजबड को बुरी तरह से पीटा। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी भी देकर गए हैं।