संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। खाद्य सुरक्षा विभाग ने दिवाली नजदीक आते ही खाद्य पदार्थों के नमूने लेने तेज कर दिए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. बिलेंद्र यादव की देखरेख में टीम ने बुधवार को उरलाना कलां गांव में दबिश दी। टीम ने एक मावा की भट्ठी पर जांच की तो करीब 10 लोग भट्ठी बंद कर भाग गए। टीम ने यहां से मोतीचूर लड्डू, मावा, मिल्क केक और मीठा मावा के चार नमूने लिए हैं। इनको जांच के लिए चंडीगढ़ लैब भेजा है। विभाग ने अब समालखा से पांच, सनौली रोड के मावा भंडारों से 11 और बुधवार को उरलाना कला से चार खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट आने में 14 दिन का समय लगेगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी डॉ. बिरेंद्र यादव की देखरेख में टीम बुधवार को उरलाना कलां गांव में पहुंची। टीम ने यहां मिठाइयों की जांच शुरू की। यहां से मिल्क केक, मीठा मावा, मोतीचूर के लड्डू और मावा के चार नमूने भरे। इनको मौके पर ही सील किया गया। विभाग की टीम आने की सूचना गांव में फैल गई। टीम गांव में चल रही करीब 10 भट्ठियों पर पहुंची। यहां हर जगह ताले लगे मिले। ऐसे में टीम को वापस आना पड़ा। उरलाना कलां गांव में दिवाली के नजदीक भट्ठियों में मावा, पनीर, मिल्क केक समेत अन्य मिठाई बनाई जाती हैं। इनमें से कई अवैध रूप से भी चलाई जा रही हैं।
रिपोर्ट आने तक खा चुके होंगे मिठाई
टीम पिछले सप्ताह वीरवार को समालखा से पांच नमूने और शनिवार को सनौली रोड से 11 नमूने लेकर जांच के लिए भेज चुकी है। शनिवार को टीम ने 40 किलो रसगुल्ले भी नष्ट किए थे। नमूनों की रिपोर्ट आने में 14 दिन का समय लगेगा तब तक लोग दिवाली के साथ भैयादूज की मिठाई खा चुके होंगे। विभाग की ओर से देरी से कार्रवाई शुरू करने से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि अब विभाग केवल खानापूर्ति में लगा है।
वर्जन :
विभाग की ओर से दिवाली से पहले खाद्य पदार्थों के नमूने लेने शुरू किए जा चुके हैं। मिलावटखोरों पर विभाग की निगरानी है। यदि जांच में कोई भी नमूना फेल आता है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। उरलाना कलां गांव में चार नमूने लिए हैं। बाकी दुकान व भट्ठी बंद मिलीं।
- डॉ. बिरेंद्र यादव, जिला खाद्य सुरक्षा विभाग अधिकारी
उरलाना कलां गांव में भट्ठी की जांच करते अधिकारी डॉ. बिरेंद्र यादव। स्रोत : विभाग