पानीपत। केमिकल कारोबारी सतीश जिंदल की हत्या के मुख्य आरोपी उदित की तलाश में पुलिस ने चार टीमें गठित की है। उसकी गिरफ्तारी के लिए सीआईए वन, टू, थ्री व चांदनी बाग थाने की पुलिस छापामारी कर रही है। साइबर सेल आरोपी उदित का नंबर ट्रेस कर उसकी लोकेशन जान रही है। पुलिस की टीमें उसके परिजनों से भी पूछताछ कर रही है। सतीश के परिजनों का आरोप है कि उनकी हत्या उदित ने कोठी विवाद में साजिशन की है।
शनिवार को केमिकल कारोबारी सेक्टर-25 पार्ट टू निवासी सतीश जिंदल की हनुमान चौक पर कार की टक्कर से माैत हो गई थी। सतीश जिंदल की गर्दन धड़ से अलग हो गई थी। प्राथमिक जांच में यह हादसा प्रतीत हुआ। बाद में परिजनों के हंगामे व तथ्यों के बाद पुलिस ने सतीश जिंदल के बेटे कर्ण जिंदल के बयान पर आरोपी उदित पर हत्या का केस दर्ज किया। कर्ण का आरोप है कि उदित उसके पिता को जान से मारने की धमकी दे रहा था। उन्होंने उदित को कुछ समय पहले सेक्टर 25 में ढाई करोड़ की कोठी बेची थी। इसके कागजात में कुछ कमी थी। इसी बात पर दोनों पक्षों का विवाद चल रहा था। आरोप है कि उदित ने सतीश जिंदल को कॉल कर बुलाया और कार से एक्टिवा को टक्कर मारकर उनकी हत्या कर दी।
आरोपी उदित की तलाश में सीआईए की तीन व उनकी एक टीम छापामारी कर रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच चल रही है।
- सुनील कुमार, एसएचओ, थाना चांदनीबाग