माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। संजय चौक के पास जाटल रोड पर कूड़े के ढेर में चार माह का भ्रूण मिला है। उद्यमी की कोठी के पास भ्रूण मिलने से सनसनी मच गई। उद्यमी की कोठी पर काम करने वाले नौकर ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने भ्रूण फेंकने वालों की जानकारी भी जुटाने की कोशिश की, लेकिन पता नहीं लगा। इसके बाद भ्रूण को नागरिक अस्पताल भिजवाया गया। जहां उसका पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवा दिया गया है। सिटी थाना पुलिस आगामी कार्रवाई में जुट गई है।
एक उद्यमी की कोठी पर काम करने वाले नौकर ने दिन में करीब साढ़े तीन बजे कोठी के साथ वाली गली में कूड़े के ढेर के पास खून से सनी एक चादर देखी। शक होने पर उसने चादर को थोड़ा हटा कर देखा, तो उसमें एक भ्रूण लिपटा हुआ था। जो करीब चार माह का था। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कई लोगों से चादर फेंकने वालों के बारे में जानकारी हासिल करने का प्रयास किया, लेकिन कुछ नहीं पता लगा। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज से मामले का पता लगाने का प्रयास कर रही है।