पानीपत। चांदनीबाग थाने से महज 250 मीटर की दूरी पर अपने पीजी की ओर जा रहे एक युवक से बाइक सवार चार बदमाशों ने चाकू के बल पर मोबाइल लूट लिया। पीड़ित दौड़ते हुए चांदनीबाग थाने में गया, लेकिन रात 10 बजे थाने का गेट बंद मिला। जब तक पुलिसकर्मी बाहर आए, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मूलरूप से बंगाल निवासी आरिफ ने बताया कि वह छह माह से पानीपत के सेक्टर-24 स्थित एसएस पीजी में रहता है और वहीं पर काम करता है। मंगलवार रात करीब 10 बजे वह चांदनी बाग थाने की तरफ से पैदल पीजी की तरफ लौट रहा था। जब वह थाने से महज 250 मीटर दूर पहुंचा तो पीछे से एक बाइक पर सवार होकर चार युवक आए। एक युवक ने चाकू निकालकर गर्दन पर लगा दिया। दूसरे ने उसकी तलाशी ली। बदमाश को जेब में मोबाइल मिला तो उसने वही निकाल लिया। मोबाइल लूटने के बाद बदमाश रिसालू गांव की तरफ भाग गए। अंधेरा होने के कारण वह बाइक का नंबर नहीं देख पाया। इसके बाद वह शोर मचाते हुए दौड़ लगाकर थाने पहुंचा। आरोप है कि थाने का गेट बंद था। उसने जब आवाज लगाई तो पुलिसकर्मी बाहर आए। जब वे मौके पर पहुंचे तो बदमाश निकल चुके थे।
दूसरी ओर चांदनीबाग थाना प्रभारी मंजीत ने बताया कि आरोप बेबुनियाद है। थाने के गेट पीड़ितों के लिए 24 घंटे खुले रहते हैं, कोई भी आकर किसी भी समय शिकायत दे सकता है। हर पीड़ित की शिकायत सुनी जाती है और उस पर कार्रवाई होती है। आरिफ की शिकायत पर भी रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, बाइक सवार आरोपियों की तलाश की जा रही है।