गांव सिवाह के पास साइकिल सवार फैक्टरी श्रमिक के आगे ऑटो अड़ाकर चार बदमाशों ने पहले मारपीट की और उसके बाद अपहरण करने का प्रयास किया। श्रमिक ने बचाव के लिए आवाज लगाई तो बदमाश श्रमिक की जेब से पर्स निकालकर फरार हो गए। श्रमिक ने बताया कि पर्स में तीन हजार रुपये और एक डेबिट कार्ड था। सेक्टर-29 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
यूपी के फिरोजाबाद निवासी दीपक मिश्रा ने बताया कि वह सिवाह गांव में पिछले कई दिन से किराए के मकान में रह रहा है। वह गांव डाडौला स्थित एक फैक्टरी में काम करता है। वह मंगलवार देर शाम फैक्टरी से साइकिल पर सवार होकर घर के लिए निकला था। जब वह डाडौला रोड से होते हुए गांव सिवाह के पास पहुंचा तो पीछे से ओवरटेक करते हुए एक ऑटो उसके आगे आकर रुका। उसके अंदर से एक-एक कर कुल चार युवक उतरे और मारपीट कर उसे जबरदस्ती ऑटो में बैठाने लगे। उसने विरोध किया, लेकिन वे नहीं माने। जिसके बाद उसने बचाने के लिए आवाज लगाई तो मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। उसके बाद आरोपी भागने लगे। एक आरोपी ने उसकी जेब से पर्स निकाला और ऑटो में बैठकर फरार हो गए। दीपक के अनुसार पर्स में तीन हजार रुपये और डेबिट कार्ड था। दीपक ने आरोपियों के ऑटो का पीछे से फोटो खींच लिया। जिसमें ऑटो नंबर दिखाई दे रहा है। दीपक ने उपरोक्त ऑटो नंबर पुलिस को सौंप लिखित शिकायत दी है।
दीपक मिश्रा की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें लगा दी गई हैं, जो उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-सुनील कुमार, सेक्टर-29 थाना प्रभारी