मॉडल टाउन थाना क्षेत्र और सेक्टर 13-17 थाना क्षेत्र में वीरवार की रात चार सड़क हादसे हुए। इस हादसों में एक किशोर, दो महिलाएं और एक युवक घायल हो गए। एक महिला की हालत को गंभीर देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में पटना के गांव अहमदपुर निवासी धंनजय कुमार ने बताया कि वह हाल में अर्जुन नगर में रह रहे हैं। वीरवार की रात आठ बजे अपने भतीजे रवि रंजन के साथ कंपनी से अपने घर जा रहा था। काबड़ी रोड पर एक कैंटर चालक ने टक्कर मार दी। जिसमें वह और भतीजा घायल हो गए। कैंटर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
गांव नौल्था निवासी राकेश कुमार ने बताया कि वह शुक्रवार को अपनी दादी रत्नी देवी को दवा दिलाकर घर लौट रहा था। गांव महराणा के पास एक बाइक चालक ने पीछे से टक्कर मारी और फरार हो गया। दादी रत्नी को सिर पर गंभीर चोट लगी। स्थानीय लोगों की मदद से दादी को बिशन स्वरूप कालोनी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। आठ मरला चौकी पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी बाइक चालक की तलाश शुुरू की।
पुलिस को दी शिकायत में महेंद्र निवासी सुदवास, जिला मंदसोर, मध्यप्रदेश ने बताया कि वह अंबाला से अपने घर के लिए निकला था। जब वह अपनी कार ग्रैंड आई टैन से जा रहा था। जब वह शाम सात बजे सेक्टर 13-17 मोड़ पर पहुंचा तो एक डंपर चालक तेज रफ्तार में आया और गाड़ी में सामने से टक्कर मारी। आरोपी डंपर चालक मौके से फरार हो गया। गाड़ी के एयर बैग खुलने से उसकी जान बची।
सेक्टर 13-17 निवासी अर्जुन कश्यप ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी करता है। गत 22 जुलाई की रात को बरसात के कारण उनकी झुग्गी में पानी भर गया था। जिसकी वजह से वह रात को अपनी मां श्यामो देवी के साथ यूनियन बैंक के सामने पक्के स्थान पर आकर लेट गए थे। इसी बीच एक कार इनोवा चालक तेज रफ्तार में आया और जमीन पर सो रही मां श्यामो देवी को टक्कर मारी। टक्कर मारते ही आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। घायल मां को सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया है। आरोप है कि इनोवा गाड़ी से एक महिला को आरोपी कार चालक ने कुछ दूरी पर उतारा है।
वर्जन
शिकायतकर्ताओ की शिकायत पर संबंधित थाना में केस दर्ज कर लिया गया, जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए है।
- सतीश वत्स, डीएसपी मुख्यालय