माई सिटी रिपोर्टर पानीपत। थाना चांदनीबाग पुलिस ने तीन दोस्तों का रास्ता रोककर जानलेवा हमला करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें शामली के गांव जोली निवासी आयान, कैराना निवासी सागर, शामली निवासी फहीम और उत्तराखंड के दादुपुर निवासी समीर शामिल हैं। चारों आरोपी पानीपत के बलजीत नगर में किराये के मकान में रह रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू, बेल्ट बरामद किए हैं।
थाना चांदनीबाग प्रभारी संदीप ने बताया कि बबैल रोड स्थित शिव नगर निवासी शिवम ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया था कि 24 अप्रैल की शाम करीब पांच बजे वह अपने दोस्तों गौरव और साहिल के साथ प्रजापति चौक पर बाइक ठीक कराने गया था।
वहां आयान अपने साथी सागर, फहीम और एक अन्य युवक के साथ पहले से मौजूद था। गौरव और आयान के बीच किसी बात को लेकर पहले से रंजिश चली आ रही थी। रंजिश के चलते चारों आरोपियों ने उनके साथ कहासुनी शुरू कर दी। जब शिवम और उसके साथी वहां से जाने लगे तो आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया और बेल्ट व चाकू से हमला कर दिया। हमले में तीनों घायल हो गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
पुलिस ने बुधवार शाम चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वीरवार को आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।